1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. विदेशी शख्स के हनुमान चालीसा पाठ की स्पीड देख गदगद हो गए भारतीय, यूजर्स बोले- 'इसने तो दिन बना दिया'

विदेशी शख्स के हनुमान चालीसा पाठ की स्पीड देख गदगद हो गए भारतीय, यूजर्स बोले- 'इसने तो दिन बना दिया'

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक विदेशी शख्स का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें उसे तेजी से हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए दिखाया गया है।

hanuman chalisa path, hanuman chalisa song, foreigner hanuman chalisa path video, viral video - India TV Hindi
Image Source : IG/@NEURODIVERGENT_NICK टेक्सास के शख्स का वीडियो वायरल।

अमेरिका के टेक्सास में रहने वाले एक व्यक्ति का हनुमान चालीसा का तेज गति से पाठ करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। निक डियरमैन (Nick Dearman) नाम के इस अमेरिकी शख्स ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया, जिसमें वे हनुमान चालीसा का ‘स्पीड वर्जन’ यानी लगभग दोगुनी गति से पाठ करते नजर आते हैं। भारतीय यूजर्स ने उनकी भक्ति और उच्चारण की भरपूर तारीफ की है। कई लोगों ने कमेंट किया- “वह मुझसे बेहतर हनुमान चालीसा पढ़ते हैं।”

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @neurodivergent_nick नामक हैंडल से शेयर किया गया है। निक डियरमैन खुद को भगवान हनुमान के भक्त और होलिस्टिक हेल्थ कोच बताते हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए इस वीडियो में वे कहते हैं कि उस दिन सुबह देर से उठने के कारण समय कम था, इसलिए उन्होंने हनुमान चालीसा का स्पीड वर्जन पढ़ने का फैसला किया। इसके बाद वे बिना रुके, पूरे ध्यान और लय के साथ चालीसा की पंक्तियां तेज गति से बोलते जाते हैं। उनकी आंखें केंद्रित रहती हैं और वे एक लाइन से दूसरी लाइन पर आसानी से चले जाते हैं। अंत तक उनकी रफ्तार एक समान बनी रहती है। कैप्शन में उन्होंने लिखा- “You can Google the lyrics.” 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

यह वीडियो अब तक 14 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है और इस पर दो लाख से ज्यादा कमेंट आ चुके हैं। ज्यादातर कमेंट भारतीय यूजर्स के हैं, जिन्होंने निक की भक्ति और शुद्ध उच्चारण की सराहना की। सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने सकारात्मक चर्चा छेड़ दी है। कई भारतीयों ने कहा कि वे रोजाना चालीसा पढ़ते हैं, लेकिन इतनी तेज और बिना गलती के पढ़ना आसान नहीं। कुछ ने इसे प्रेरणा बताया कि भक्ति कहीं से भी आ सकती है। वहीं, कुछ यूजर्स ने निक की मेहनत और समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि वे नियमित अभ्यास से यह स्तर हासिल कर पाए होंगे।

एक यूजर ने लिखा, “वह मुझसे बेहतर हनुमान चालीसा का जाप करते हैं।” 

दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, “डियर डायरी, आज मैंने एक गोरे व्यक्ति द्वारा हनुमान चालीसा सुनवाई और वह वास्तव में बहुत अच्छी थी। पूर्वज भ्रमित हैं।” 

कई लोगों ने लिखा, “आप अद्भुत हैं। इससे मेरा दिल खुशी से भर गया,” और “हनुमान जी के प्रति आपकी भक्ति देखकर गर्व हो रहा है।” “जय हनुमान” जैसे कमेंट भी खूब आए। 

खुद को हनुमान भक्त बताते हैं निक 

निक डियरमैन ने पहले भी कई वीडियो में खुद को हनुमान भक्त बताया है। वे नियमित रूप से भक्ति से जुड़े क्लिप्स शेयर करते रहते हैं। इस स्पीड पाठ में उनकी अंग्रेजी एक्सेंट के बावजूद शब्द स्पष्ट और लयबद्ध हैं, जिससे लोग प्रभावित हुए। विशेषज्ञों और भक्तों का मानना है कि भक्ति में भाषा या देश की कोई सीमा नहीं होती। एक विदेशी व्यक्ति द्वारा इतनी श्रद्धा और गति से हनुमान चालीसा पढ़ना सनातन धर्म की सार्वभौमिकता को दर्शाता है। 
गौरतलब है कि, इन दिनों विदेशियों में फिल्म हनुमान अंश का क्रेज भी देखने को मिल रहा है। ​इसके वीडियो भी काफी वायरल हो रहे हैं। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
कमाल है! हनुमान चालीसा सुनते ही 4 महीने के बच्चे की चिड़चिड़ दूर होती है, चीनी उद्यमी के दावे को यूजर्स ने बताया चमत्कार