1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'मुझे 2 साल लग गए...' नॉर्वे में ड्राइविंग लाइसेंस पाने के लिए भारतीय ने खर्च किए ₹6 लाख, रिएक्शन वायरल

'मुझे 2 साल लग गए...' नॉर्वे में ड्राइविंग लाइसेंस पाने के लिए भारतीय ने खर्च किए ₹6 लाख, रिएक्शन वायरल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भारतीय शख्स ने बताया कि, नॉर्वे में ड्राइविंग लाइसेंस पाने के लिए उसे 6 लाख रुपये खर्च करने पड़े।

Norway driving license video, driving license in Norway, Indian in Norway - India TV Hindi
Image Source : PEXELS भारतीय का वीडियो वायरल।

नॉर्वे में रहने वाले एक भारतीय युवक का अनुभव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और काफी वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस हासिल करने में उन्हें लगभग दो साल लग गए और करीब 6 लाख रुपये खर्च हुए। यह प्रक्रिया भारत की तुलना में बेहद कठिन और महंगी साबित हुई।

एक्स पर शेयर किया किस्सा

इस पोस्ट को एक्स पर @turiyatman नामक हैंडल से शेयर किया गया है। विनोद ने ​लिखा​ कि, “भारत, कल्पना करो कि ड्राइविंग लाइसेंस पाने के लिए 2 साल और 6 लाख रुपये खर्च करने पड़ें। नॉर्वे में यही मेरा संघर्ष था। 2011 में मैंने लगभग 6 लाख रुपये खर्च किए। आज यह शायद 10 लाख रुपये से ज्यादा होगा।”  

'पड़ोसी से सीखी ड्राइविंग' 

विनोद ने बताया कि, 2011 में नॉर्वे आने के बाद उन्होंने महसूस किया कि बर्फ, पहाड़, ठंड और लंबी दूरियों के कारण कार चलाना वहां जीवन की जरूरत है। शुरुआत में एक पड़ोसी ने उन्हें ड्राइविंग सिखाई, लेकिन लाइसेंस पाने की प्रक्रिया इससे कहीं आगे थी। इसमें अनिवार्य कोर्स, थ्योरी टेस्ट, सुरक्षा प्रशिक्षण और कई घंटों का अभ्यास शामिल था। सुपरवाइजर के पास कम से कम 5 साल का ड्राइविंग अनुभव होना जरूरी था। उन्होंने बर्फ से ढकी सड़कों, पहाड़ी रास्तों, सुरंगों, हाईवे और छोटी सड़कों पर प्रैक्टिस की। अंतिम टेस्ट लगभग एक घंटे का था, जिसमें ट्रैफिक, सुरंगें और पहाड़ी रास्ते शामिल थे। पहली बार वे फेल हो गए। इसके बाद दो महीने और प्रैक्टिस की और दूसरी कोशिश में पास हुए। कुल मिलाकर लगभग दो साल का संघर्ष लगा। 

नॉर्वे में DL पाने की ​प्रक्रिया 

विनोद के मुताबिक, नॉर्वे में ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया सख्त मानी जाती है। इसका उद्देश्य सिर्फ कार चलाना सिखाना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग की आदतें विकसित करना है। वहीं, कई रिपोर्ट्स में बताया गया है कि यह प्रक्रिया जीवन बचाने वाले कौशल पर जोर देती है।यह अनुभव भारत में ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया से बिल्कुल अलग है, जहां कई जगह आसानी से लाइसेंस मिल जाता है। युवक ने नॉर्वे की सख्ती की तुलना भारत की सड़क सुरक्षा स्थिति से भी की और सवाल उठाया कि इतनी आसान प्रक्रिया के बावजूद भारत में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान कितने बड़े हैं। 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

इस पोस्ट पर यूजर्स की ओर से कई प्रतिक्रियाएं आईं, जिनमें से कई ने दावा किया कि भारत में लाइसेंस प्राप्त करना काफी आसान हो सकता है। एक यूजर ने लिखा कि, 'भारत में आपको बस 5,000 से 6,000 रुपये खर्च करने होते हैं। कोई परीक्षा नहीं, कोई अभ्यास नहीं, सीधे घर बैठे लाइसेंस मिल जाता है।'

दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'ऐसा होना चाहिए, लेकिन यहां भारत में लोग पैसे देकर परीक्षा पास कर लेते हैं, और हम इसका परिणाम हर दिन सड़कों पर देखते हैं।'

तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'मैंने बिना कोई परीक्षा दिए सिर्फ 1,500 रुपये में अपना ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर लिया।'

चौथे यूजर ने लिखा कि, 'भारत में इसी तरह की प्रणाली लागू करने पर विचार कर रहे हैं, और उन्होंने कहा कि विधायिकाओं को इस विचार पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।'

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
भारत और नॉर्वे में घर-परिवार का माहौल कैसा होता है? भारतीय शख्स ने बताया दोनों कल्चर के बीच का अंतर