कलबुर्गी: कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में कांग्रेस नेता मतीन पटेल की एक कथित रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में कांग्रेस नेता मतीन पटेल फिल्म 'धुरंधर' के लोकप्रिय गाने 'फाला' पर नाचते हुए पिस्तौल जैसा हथियार लहराते दिख रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हथियार असली थे या नहीं, इसकी पुष्टि कर रही है। वीडियो एक पारिवारिक समारोह के दौरान बनाया गया था। इसमें मतीन पटेल एक काली एसयूवी से उतरते हैं और गाने पर फिल्मी स्टाइल में नाचते नजर आते हैं।
'मेरे हाथ में असली पिस्तौल नहीं बल्कि टॉय गन थी'
वीडियो में पटेल के हाथ में पिस्तौल जैसी वस्तु है, जबकि उनके कुछ समर्थक भी बंदूक जैसी चीजें लिए हुए दिख रहे हैं। मतीन पटेल अफजलपुर के कांग्रेस विधायक एम.वाई. पाटिल के करीबी माने जाते हैं। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना की और तमाम यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना हरकत बताया। दूसरी तरफ मतीन पटेल ने अपने बचाव में कहा कि वीडियो में दिख रही वस्तु एक टॉय गन थी और असली बंदूक नहीं थी। उन्होंने कहा कि बच्चों के कहने पर 'धुरंधर' के एक पात्र की तरह कपड़े पहने थे और टॉय गन ली थी। पटेल ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में पहले ही पूछताछ कर ली है।
'जांच में हथियार अवैध पाए गए तो कार्रवाई होगी'
वहीं, कलबुर्गी के पुलिस आयुक्त शरणप्पा एस.डी. ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा था, 'सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति हथियार लहराता दिख रहा है। हम वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को जानते हैं। मैंने अधिकारियों को ये पता लगाने का आदेश दिया है कि वीडियो कहां बनाया गया और ये किस पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है।' पुलिस आयुक्त ने आगे कहा कि अधिकारी यह निर्धारित करेंगे कि क्या हथियार असली थे, क्या उनके पास वैध लाइसेंस था और क्या किसी नियम का उल्लंघन किया गया था। उन्होंने कहा कि अगर हथियार असली पाए गए और वे अवैध निकले तो हथियार अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।