महाराष्ट्र के कोल्हापुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो को देखकर लोग दुल्हन की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो में दुल्हन एक महिला का इलाज करती नजर आ रही है। घटना 30 नवंबर की है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कोल्हापुर में शादी के दौरान रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो को खूब तारीफें मिली हैं।
क्या है मामला?
पन्हाला तहसील के चव्हाणवाड़ी बोरगांव के इंजीनियर रोहित बुवा और पुणे जिले के वेल्हे की डॉ. प्रिया भारती की शादी तय हुई। रविवार, 30 नवंबर को पन्हाला की तलहटी में स्थित एक फार्महाउस में धूमधाम से उनका विवाह समारोह हो रहा था। सभी खुशी से झूम रहे थे। जैसे ही मंगलाष्टक समाप्त हुआ, मेहमानों ने वर वधु पर अक्षता फेंके और उसी समय एक महिला चक्कर के मारे मंच पर गिर पड़ी। किसी को पता ही नहीं चला कि क्या हुआ। उसी समय शादी के मंडप में मौजूद डॉक्टर दौड़कर अंदर आई। डॉक्टर के सर पर चुनरी थी, उसके हाथों में मेहंदी रची हुई थी। डॉक्टर कोई और नहीं, बल्कि वह दुल्हन ही थी, जिसने बेहोश महिला को प्राथमिक उपचार दिया।
महिला को होश में लाने के बाद लिए फेरे
शादी के दौरान सप्तपदी फेरे लेने से पहले डॉ. प्रिया ने तुरंत भागकर महिला का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। कुछ ही देर में महिला होश में आ गई। शादी समारोह की भागदौड़ और भूख के कारण उसे चक्कर आ रहा था। डॉ. प्रिया ने उसे तुरंत खाना खाने और आराम करने की सलाह दी। जब बेहोश महिला ठीक हो गई, तब जाकर डॉक्टर प्रिया ने शादी के फेरे लिए। स्टेज पर वधु की ओर से दिए गए प्राथमिक उपचार का वीडियो सोशल मीडिया पर जोरों से वायरल हो गया है और नेटिज़न्स डॉ. प्रिया की तारीफ कर रहे हैं।
(कोल्हापुर से समीर मुजावर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
महिला ने हॉर्न क्या बजाया भड़क गए स्कूटी सवार, पीछा करके कर दिया अटैक, कार भी तोड़ डाली
लोन रिकवरी एजेंट को जिंदा जलाया, बोरे में बांधकर कार में डाला, फिर लगा दी आग; लातूर में रूह कंपा देने वाली वारदात