सोशल मीडिया युग में कई लोग लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स के चक्कर में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि आसपास के खतरों पर ध्यान नहीं दे पाते। समुद्र तट जैसे सार्वजनिक स्थानों पर छोटे बच्चों के साथ अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। लहरें कभी भी अप्रत्याशित हो सकती हैं और एक पल की लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। इसका उदाहरण बना हाल ही में वायरल हुआ एक वीडियो। इसमें एक कपल समुद्र किनारे इंस्टाग्राम रील बनाने में इतना व्यस्त नजर आता है कि उनकी छोटी बच्ची लहरों के बीच संघर्ष करती रह जाती है। गनीमत रही कि वहां मौजूद एक अजनबी ने समय रहते हस्तक्षेप कर बच्ची को सुरक्षित बचा लिया।
एक्स पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को एक्स पर @NCIBHQ नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में साफ दिखता है कि कपल समुद्र के किनारे टहल रहा है। पुरुष हाथ में सेल्फी स्टिक लिए खुद को रिकॉर्ड कर रहा है, जबकि महिला मुस्कुराते हुए पोज दे रही है। महिला ने बच्ची का हाथ ढीला पकड़ा हुआ था। एक लहर आने पर बच्ची का हाथ मां की पकड़ से छूट जाता है और वह रेत पर गिर पड़ती है। महिला थोड़ा पीछे देखती है, लेकिन फिर कैमरे की ओर मुड़कर पोज देती रहती है। पुरुष भी रिकॉर्डिंग जारी रखता है। इसी दौरान बच्ची लहरों के थपेड़ों में पीछे धकेली जाती है और संघर्ष करती नजर आती है।
अजनबी ने बचाई जान
बच्ची के फंसे होने के बीच वहां मौजूद एक अजनबी व्यक्ति की नजर बच्ची पर पड़ती है। वह तुरंत पानी की ओर बढ़ता है, बच्ची का हाथ पकड़ता है और उसे सुरक्षित जगह पर ले जाकर माता-पिता को आवाज देता है। बच्ची को बचाने के बाद वह कपल को स्थिति की याद दिलाता है। पूरा घटनाक्रम कुछ सेकंड का है, लेकिन यह सोशल मीडिया क्रेज और बच्चों की सुरक्षा के बीच के गहरे अंतर को उजागर करता है।
रीलबाजी की अजब सनक
यह घटना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर तेजी से फैली। लोगों ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि वह अपने पति के साथ समुद्र किनारे घूमने गई थीं। वहां उन्होंने एक पति-पत्नी को रील बनाने में इतना मगन देखा कि उन्होंने अपनी छोटी बच्ची को पानी के पास छोड़ दिया। बच्ची समुद्र की लहरों में बहने से बच गई क्योंकि एक व्यक्ति ने ध्यान दिया और उसे बचा लिया। मरियाम ने सवाल उठाया कि क्या रीलबाजी अब लोगों के लिए इतनी जरूरी हो गई है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा भी भूल जाएं।
यूजर्स ने जमकर लगाई लताड़
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भारी आलोचना हुई। यूजर्स ने माता-पिता की लापरवाही पर सवाल उठाए। कई लोगों ने लिखा कि रील तो कुछ मिनट की होती है, लेकिन बच्चे की जिंदगी को दोबारा टेक नहीं किया जा सकता। कई लोगों ने अजनबी को “रियल हीरो” बताया और उसकी तारीफ की। कुछ यूजर्स ने वीडियो को फर्जी या व्यूज के लिए स्क्रिप्टेड होने का संदेह भी जताया, लेकिन ज्यादातर प्रतिक्रियाएं माता-पिता की प्राथमिकताओं पर केंद्रित रहीं।
एक यूजर ने कहा, “रील कल्चर देश को बर्बाद कर देगा।”
दूसरे ने टिप्पणी की कि कोई भी रील या सोशल मीडिया मोमेंट बच्चे की जान जोखिम में डालने लायक नहीं है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
Patna Metro में भी फैल गया Reels का वायरस, इस लड़की का डांस देख शर्म से पानी-पानी हुए यूजर्स, Video Viral