1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. शख्स ने सूझबूझ से ट्रेन रोककर बचाई हाथियों के झुंड की जान, Video देख हर कोई कर रहा तारीफ

शख्स ने सूझबूझ से ट्रेन रोककर बचाई हाथियों के झुंड की जान, Video देख हर कोई कर रहा तारीफ

सोशल मीडिया पर असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें रेलवे ट्रैक पर शख्स को कई हाथियों की जान बचाते देखा गया है।

CM Himanta Biswa Sarma Video, Assam Elephant Video, Elephant, Assam Forest- India TV Hindi
Image Source : X/@HIMANTABISWA शख्स ने बचाई हाथियों की जान।

असम के होजाई जिले में वन विभाग के एक कर्मचारी की सूझबूझ ने हाथियों के एक बड़े झुंड की जान बचा ली। रेलवे ट्रैक पार कर रहे हाथियों को देखकर उन्होंने आ रही तेज रफ्तार ट्रेन को समय रहते रोक दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इसे एक्स पर शेयर कर तारीफ की है।  

रेलवे ट्रैक पर शख्स ने दिया सूझबूझ का परिचय

घटना होजाई इलाके की बताई जा रही है। ट्रेन को देखकर लग रहा है वहां राजधानी एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। उसी समय हाथियों का झुंड घने जंगल से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करने लगा। वयस्क हाथियों के साथ छोटे बच्चे भी शामिल थे। वनकर्मी मौके पर तैनात थे। उन्होंने तुरंत ट्रेन की दिशा में इशारा किया और उसे रुकने का संकेत दिया। ट्रेन का चालक सतर्क रहा और समय रहते गाड़ी रोक दी। हाथियों का झुंड आराम से ट्रैक पार कर जंगल की ओर चला गया। वीडियो में साफ दिखता है कि वनकर्मी ट्रैक के किनारे खड़े हैं और ट्रेन को रोकने का इशारा कर रहे हैं। दूसरी तरफ हाथी शांति से गुजर रहे हैं। अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। असम में रेलवे ट्रैक हाथियों के परंपरागत मार्गों से गुजरते हैं, इसलिए ऐसे हादसे आम हैं। वन विभाग के कर्मचारी इन कॉरिडोरों पर लगातार निगरानी रखते हैं। 

सीएम हिमंता का एक्स पोस्ट वायरल 

इस पोस्ट को एक्स पर @himantabiswa नामक हैंडल से शेयर किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ' सुरक्षा गलियारे बनाना! असम में रेलवे लाइनों के किनारे स्थित अधिकांश हाथी गलियारों में, @assamforest कर्मचारी हमेशा सतर्क रहते हैं ताकि विशालकाय जीवों को सुरक्षित मार्ग मिल सके। आज सुबह होजाई में भी ऐसा ही हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेन को अलर्ट किया गया, जिससे कई अनमोल जानें बच गईं।'  

यूजर्स ने शख्स की सूझबूझ को किया सलाम 

इस वीडियो को देखकर लोग तारीफों के पुल बांध रहे हैं। कई यूजर्स ने वनकर्मी की मुस्तैदी और रेलवे कर्मचारियों के सहयोग की प्रशंसा की। कुछ ने लिखा कि मानव और वन्यजीवों के बीच ऐसा तालमेल ही पर्यावरण संरक्षण की सही मिसाल है। एक यूजर ने लिखा कि, 'असम के वन रक्षकों और रेलवे द्वारा स्थापित घुसपैठ का पता लगाने वाली प्रणाली को सलाम, जिसकी बदौलत हर साल होने वाली पशुओं की कटाई को कम से कम इस साल तो रोका जा सका। असम वन विभाग और भारतीय रेलवे को सलाम।'

दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'उन निर्दोष विशालकाय जीवों को बचाना होगा। बहुत बढ़िया काम, इसे जारी रखें।'

तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'संरक्षण प्रयासों के लिए धन्यवाद। झुंड का विशाल आकार वाकई मनमोहक है।'

गौरतलब है कि, इससे पहले कर्नाटक में प्लास्टिक के ढेर में खाना ढूंढ़ते हाथी का Video वायरल हुआ था। 

ये भी पढ़ें -

महिला से टकराकर हाथी के दांत टूटे, खतरनाक वीडियो हुआ वायरल; यूजर्स बोले- 'हाथी भी सेफ नहीं'