1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. रेलवे लाइन के ओवरहेड वायर पर लटककर झूलता दिखा युवक, लोगों ने बताया देसी पव्वे का कमाल

रेलवे लाइन के ओवरहेड वायर पर लटककर झूलता दिखा युवक, लोगों ने बताया देसी पव्वे का कमाल

नशे में ऐसी सनक जान ले सकती है। किस्मत हर बार साथ नहीं देती, और 25 हजार वोल्ट की तारें यमराज के रिश्तेदारों को भी नहीं पहचानतीं।

ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर पर लटकता युवक- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SHASHIKANTDUBEY2016 ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर पर लटकता युवक

सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स ट्रेन के ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर पर लटक कर कसरत कर रहा है। वीडियो प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 का बताया जा रहा है, जहां इस तमाशे को देख लोग हैरान रह गए। शख्स शायद नशे में धुत था, इसलिए वह ये नहीं समझ पाया कि वह जो काम कर रहा है उससे उसकी जान भी जा सकती है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि शख्स 25 हजार वोल्ट की बिजली दौड़ाने वाली ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर (OHE) पर सर्कस के जोकर की तरह लटक रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने सबके होश उड़ा दिए। इस वीडियो को देख जहां कुछ लोग हैरान हैं, तो कुछ लोगों की रूह कांप गई, लेकिन ये शख्स किस्मत का धनी था जो इसे कुछ हुआ नहीं और वह वहां से सही-सलामत बच निकला।

25 केवी की तार पर लटकता रहा युवक

वीडियो में साफ दिख रहा है कि शख्स ओवरहेड वायर पर लटक रहा है, मानो कोई स्टंटमैन कोई स्टंट कर रहा हो। वहीं नीचे खड़े लोग उसे देख चिल्ला रहे हैं, तो कोई इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद कर रहा है, जबकि कुछ तो बस तमाशबीन बने देख रहे हैं। ऊपर 25 केवी की तार, जिसका एक झटका इंसान को राख में बदल दे, लेकिन इस बंदे की किस्मत देखिए कितनी कमाल की है कि उस वक्त रेलवे ने OHE लाइन बंद कर रखी थी। अगर बिजली चालू होती, तो शायद ये शख्स अब तक राख हो चुका होता और ये खबर उसके मरने की होती। वीडियो में दिख रहा है कि शख्स तार पर कुछ देर तक लटकता रहा, फिर खुद को संभालने की कोशिश में नीचे ट्रैक पर जा गिरा। वीडियो में उसे लटकता देख ऐसा लगता है जैसे वो नशे में नाच रहा हो।

लोगों ने शख्स को बताया यमराज की मौसी का लड़का

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @shashikantdubey2016 ने शेयर किया है और देखते ही देखते ये वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच गया। वीडियो पर लाइक्स की बरसात होने लगी और कमेंट्स की बाढ़ सी आ गई। यूजर्स ने इस वीडियो पर मजे लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी। एक ने लिखा, “लगता है ये यमराज का भाई है।” दूसरे ने लिखा, “ये देसी पव्वे का कमाल है, भाई!” तीसरे ने तो हद कर दी, “ऐसी किस्मत लेकर कौन पैदा होता है, यार? ये तो सुपरमैन का चचेरा भाई है!”

रेलवे प्रशासन कर रहा मामले की जांच

खबर है कि वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। जांच शुरू हो चुकी है कि आखिर ये शख्स कौन था और उसने ऐसा खतरनाक स्टंट क्यों किया। रेलवे ट्रैक और ओवरहेड तारों के साथ ऐसी हरकतें कितनी खतरनाक हो सकती हैं, ये वीडियो एक चेतावनी है। ये न सिर्फ जानलेवा है, बल्कि ट्रेनों की आवाजाही और यात्रियों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकता है। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें:

लंका से लाइव लंकेश! अगर रावण होता रीलबाज तो कुछ ऐसे बनाता अपने Vlogs, AI ने दिखा दिया वह नजारा

ट्रेन है या खंडहर! कुछ ऐसा है पाकिस्तान के रेलवे का हाल, हालत कबाड़ से कम नहीं, कंगाली देख लोगों ने खूब ली मौज