ट्रेन में टिकट चेक करने वाले टीटीई का काम अक्सर रूटीन और थकाऊ होता है। लेकिन हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक स्केच आर्टिस्ट ने टीटीई को ऐसा सरप्राइज दिया कि उनके चेहरे पर मुस्कान फैल गई और आंखें भर आईं। यह पल इतना भावुक था कि देखने वाले भी इमोशनल हो गए।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @imaginelife_official नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में स्लीपर कोच में टीटीई यात्रियों के टिकट चेक कर रहे होते हैं। साइड अपर बर्थ पर बैठे स्केच आर्टिस्ट आकाश सेल्वारासु चुपचाप उनका स्केच बना रहे होते हैं। आकाश टीटीई की ईमानदारी और विनम्रता से प्रभावित होते हैं और तुरंत स्केच शुरू कर देते हैं। जब टीटीई कोच छोड़कर आगे बढ़ जाते हैं, तब ट्रेन रुकने पर आकाश उन्हें ढूंढते हैं और स्केच सौंप देते हैं।
स्केच पाकर इमोशनल हुए TTE साहब!
जब आकाश चीफ टिकट इंस्पेक्टर मारिमुथु सर को उनका स्केच देते हैं, तो पहले वे हैरान रह जाते हैं। फिर अपना चित्र देखते ही उनका चेहरा खिल उठता है। वे बेहद खुश होते हैं। कुछ पलों बाद जब वे सीट पर बैठते हैं, तब उनकी आंखें भी छलक पड़ती हैं। मुस्कान और आंसू दोनों एक साथ उनकी खुशी बयान कर रहे होते हैं। यह पल कैमरे पर कैद हो गया और अब लाखों लोगों तक पहुंच चुका है।
कैप्शन ने दिल छू लिया
आकाश एक स्केच आर्टिस्ट हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट @imaginelife_official पर यह वीडियो शेयर किया गया। कैप्शन में उन्होंने लिखा कि एक कलाकार के लिए असली इनाम दिल से कुछ रचने की खुशी है। लोगों ने वीडियो पर प्यार बरसाया। कई यूजर्स ने कमेंट किया कि यह टीसी सबसे स्वीट इंसान हैं। एक यूजर ने लिखा, “यह TC सबसे प्यारे हैं, बहुत तमीज से बात करते हैं... दक्षिण भारतीय ट्रेन में मिले लोगों में से ये सबसे भले इंसान हैं।” दूसरे ने कहा कि CTI मारिमुथु सर हमेशा विनम्र रहते हैं। कुछ ने आकाश को भी सलाम किया और कहा कि वे तिरुनेलवेली आएं और अपनी कला से लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाएं।
यूजर्स भी हुए इमोशनल
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखकर लोग भावुक हो रहे हैं। कई ने लिखा कि ऐसी घटनाएं दिल को छू जाती हैं। कुछ ने कहा कि टीटीई जैसे कर्मचारियों को भी सराहना मिलनी चाहिए। पहले भी वायरल हो चुके ऐसे वीडियो में स्केच इतने सटीक होते हैं कि देखने वाले हैरान रह जाते हैं। यह घटना इसलिए खास है क्योंकि इसमें कला और इंसानियत का मेल दिखता है। टीटीई रोजाना सैकड़ों यात्रियों से मिलते हैं, टिकट चेक करते हैं, कभी-कभी जुर्माना भी वसूलते हैं। लेकिन कोई उन्हें याद रखे और उनकी कलात्मक तस्वीर बना दे, यह दुर्लभ है। आकाश ने सिर्फ स्केच नहीं बनाया, बल्कि एक व्यक्ति को स्पेशल फील करवाया। ऐसे छोटे-छोटे जेस्चर रोजमर्रा की जिंदगी में खुशी लाते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
आर्टिस्ट ने एयरपोर्ट पर अंजान विदेशी महिला को उसका स्केच बनाकर दिया सरप्राइज, दिल जीत लेगा फॉरेनर का रिएक्शन