1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. Gemini से WhatsApp स्टेटस लगाना सीख रही थीं मां, Video देख यूजर्स बोले- 'AI बेटों की जॉब भी खा गया'

Gemini से WhatsApp स्टेटस लगाना सीख रही थीं मां, Video देख यूजर्स बोले- 'AI बेटों की जॉब भी खा गया'

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक मां-बेटे का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें मां को गूगल जेमिनी से व्हाट्सएप स्टेटस लगाना सीखते हुए देखा जा सकता है।

gemini mother son video, how to update WhatsApp status, mother learn WhatsApp status gemini, viral v- India TV Hindi
Image Source : IG/@__SHARMA.MOHIT__ बेटे ने बनाया मां का वीडियो।

एक दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक मां गूगल के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल जेमिनी की मदद से व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाना सीख रही हैं। उनके बेटे मोहित शर्मा ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया और कैप्शन में लिखा, “जेमिनी वह बेटा है जो मेरी मां हमेशा चाहती थीं।” इस प्यारे और हास्यपूर्ण इंटरैक्शन ने इंटरनेट का दिल जीत लिया है।

इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @__sharma.mohit__ नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में मोहित की मां जेमिनी से पूछती हैं कि व्हाट्सएप कैसे खोलें। एआई धैर्यपूर्वक उन्हें गाइड करता है। वह स्क्रीन के नीचे सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल करने और “WhatsApp” टाइप करने को कहता है। मां ऐप खोलने की पुष्टि करती हैं तो जेमिनी अपडेट्स सेक्शन ढूंढने का तरीका बताता है। वह स्क्रीन के निचले बाएं कोने में गोलाकार आइकन पर टैप करने को कहता है। मां “अच्छा। दबा दिया” कहकर जवाब देती हैं। इसके बाद जेमिनी बताता है कि वे अपडेट्स स्क्रीन पर हैं और नया स्टेटस जोड़ने का तरीका समझाता है। वह “Add status” पर टैप करने या कैमरा या पेंसिल आइकन इस्तेमाल करने का सुझाव देता है। मां कहती हैं, “पेंसिल ही कर दिया मैंने।” फिर एआई उन्हें फोटो ऑप्शन चुनने, गैलरी से इमेज सेलेक्ट करने और अपलोड के लिए हरे तीर वाले बटन पर टैप करने का निर्देश देता है। पूरी प्रक्रिया में जेमिनी बहुत धैर्यवान और स्पष्ट निर्देश देता नजर आता है।   

बेटे की मजेदार प्रतिक्रिया

मोहित ने यह वीडियो शेयर किया, जिसमें उनकी मां कदम-दर-कदम जेमिनी की मदद से स्टेटस सफलतापूर्वक पोस्ट करती हैं। कैप्शन में बेटे का मजाकिया लेकिन प्यार भरा रिएक्शन – “जेमिनी वह बेटा है जो मेरी मां हमेशा चाहती थीं” ने लोगों का ध्यान खींचा। कई यूजर्स ने AI के धैर्य की तारीफ की और मजाक में कहा कि अब बेटों की जगह AI ले रहा है। कुछ ने लिखा कि मांओं को टेक्नोलॉजी सिखाने में बेटे अक्सर अधीर होते हैं, जबकि AI हमेशा उपलब्ध और शांत रहता है। 

माता-पिता बच्चों से लेते थे मदद

यह वीडियो उन कई भारतीय परिवारों की हकीकत को दर्शाता है जहां बुजुर्ग माता-पिता स्मार्टफोन और ऐप्स के इस्तेमाल में बच्चों पर निर्भर रहते हैं। अक्सर बेटे-बेटियां व्यस्तता या अधीरता के कारण पूरी मदद नहीं कर पाते। ऐसे में जेमिनी जैसा एआई टूल एक धैर्यवान गाइड बनकर उभर रहा है। इंटरनेट पर प्रतिक्रियाएं मिश्रित लेकिन ज्यादातर सकारात्मक और हंसी-मजाक वाली हैं। लोग कह रहे हैं कि एआई अब घर का “आदर्श बेटा” बन गया है जो कभी नाराज नहीं होता और बार-बार समझाता है।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं 

इस बातचीत पर कई मजेदार कमेंट्स आए। ए​क यूजर ने लिखा कि, 'मैं भी कुछ ऐसा ही बना रहा था, और मेरा मकसद बुजुर्गों की मदद करना था, लेकिन मुझे लगता है कि Google ने यह पहले ही कर लिया है, इसलिए मुझे जो बनाने की ज़रूरत नहीं है, वह है आवाज़ और वर्चुअल सिमुलेशन।'

दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'छोटी-छोटी चीजों में खुशी ढूंढना। अद्भुत एहसास, और देखने में भी सुंदर।'

तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'कितनी संतुष्टि मिली।' 

चौथे यूजर ने लिखा कि, 'आंटी मोहित को घर से निकाल दो।'

पांचवें यूजर ने लिखा कि, 'बेटे होने की नौकरी भी AI खा गया।'

एक यूजर ने लिखा कि, 'उसे चैटजीपीटी इस्तेमाल करने के लिए कहो। जेमिनी बहुत धीमा है।'

एक और यूजर ने लिखा कि, 'यह बहुत प्यारा है। मेरी मां को भी जरूरी है इस बेटे की।'

एक अन्य यूजर ने लिखा कि, 'इस फीचर को कैसे इस्तेमाल किया जाए?' 

गौरतलब है कि, इससे पहले बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने AI टेक्निक से शेविंग का Video शेयर किया था जो काफी वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें - 

'खा मेरी कसम..!' AI चश्मे की कीमत सुनते ही मां ने दिया ऐसा मजेदार रिएक्शन, कमेंट बॉक्स में लगने लगे ठहाके