महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने गणेश विसर्जन के दौरान मुंबई का एक भव्य वीडियो एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शेयर किया है, जिसके साथ दिया गया कैप्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उन्होंने लिखा, “मुंबई शहर नहीं है, ये धड़कन है।” यह सात शब्दों वाला कैप्शन मुंबई की ऊर्जा, जीवंतता और निरंतर धड़कती जिंदगी को बेहद खूबसूरती से बयान करता है। वीडियो में समुद्र किनारे गणेश मूर्तियों के विसर्जन का शानदार नजारा दिखाया गया है, जहां लाखों भक्तों की भीड़, आलीशान मूर्तियां और उत्सव का माहौल साफ नजर आता है। हालांकि, आनंद महिंद्रा ने इससे पहले मुंबई के त्योहरों के रंग से जुड़ा वीडियो शेयर किया था। जाो कि काफी वायरल हुआ था।
एक्स पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को एक्स पर @anandmahindra नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में समुद्र तट पर भव्य गणेश मूर्तियां विसर्जित की जा रही हैं। भक्तों का रेला इतना घना है कि पहली नजर में यह समझना मुश्किल हो जाता है कि लोग कहां-कहां खड़े हैं। मूर्तियों की ऊंचाई और सजावट इतनी आकर्षक है कि भीड़ के बीच भी वे साफ दिखाई देती हैं। गणेश चतुर्थी के बाद अनंत चतुर्दशी पर होने वाले इस विसर्जन में मुंबई के हजारों सार्वजनिक और घरेलू मंडलों की मूर्तियां समुद्र या कृत्रिम तालाबों में विसर्जित की जाती हैं। आनंद महिंद्रा का यह क्लिप उस पूरे उत्सव की एक झलक मात्र है, लेकिन इसमें मुंबई की असली आत्मा कैद हो गई है।
यूजर्स ने की तारीफ
सोशल मीडिया पर इस पोस्ट ने इंटरनेट का दिल जीत लिया। यूजर्स ने कैप्शन की तारीफ की और मुंबई को “उम्मीद का शहर”, “जीवंत शहर” और “भारत की धड़कन” बताया। कई लोगों ने “गणपति बप्पा मोरया” लिखकर अपनी भक्ति जताई। कुछ ने कहा कि वीडियो देखकर दूर बैठे लोग भी मुंबई के उत्सव का मजा ले सकते हैं। महिंद्रा ग्रुप के महाराष्ट्र से गहरे जुड़ाव और मुंबई-पुणे में उनके बड़े ऑपरेशंस को देखते हुए उनका यह पोस्ट शहर के प्रति उनके व्यक्तिगत लगाव को भी दर्शाता है।
मुंबई की सांस्कृतिक पहचान
गणेश विसर्जन मुंबई की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग है। 12 दिनों तक चलने वाले उत्सव के अंत में भक्त भावुक होकर बाप्पा को विदाई देते हैं, लेकिन यह विश्वास भी रखते हैं कि अगले साल फिर लौटेंगे। आनंद महिंद्रा का वीडियो इसी भावना को कैद करता है – भक्ति, भीड़, ऊर्जा और शहर की अदम्य जिजीविषा।
ये भी पढ़ें -
आनंद महिंद्रा ने एक सांस में लंबा बैग फुलाने के लिए की शिक्षक की तारीफ, Viral हो रहा Video