1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'अब अखबार में लिपटे वड़ा पाव नहीं...' तुकाराम मुंढे के डर से स्ट्रीट फूड स्टॉल की बदली सूरत, इंफ्लुएंसर ने शेयर किया Video

'अब अखबार में लिपटे वड़ा पाव नहीं...' तुकाराम मुंढे के डर से स्ट्रीट फूड स्टॉल की बदली सूरत, इंफ्लुएंसर ने शेयर किया Video

सोशल मीडिया पर इन​ दिनों स्ट्रीट फूड के बदलते हाल के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसी कड़ी में मुंबई के एक इंफ्लुएंसर का वीडियो भी सामने आया है।

street food stalls video, influencer shares video, viral video, fda Tukaram Mundhe, Tukaram Mundhe- India TV Hindi
Image Source : IG/@KSHYTREA इंफ्लुएंसर का वीडियो वायरल।

मुंबई के स्ट्रीट फूड की तस्वीर बदल रही है। एक इंफ्लुएंसर के वायरल वीडियो ने दिखाया है कि महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) आयुक्त तुकाराम मुंढे की सख्ती के बाद वड़ा पाव अब अखबार में नहीं लिपटा आता। इसके बजाय साफ बटर पेपर का इस्तेमाल हो रहा है। वीडियो में अन्य बदलाव भी नजर आए, जैसे प्राकृतिक रंग वाले मंचूरियन, दस्ताने और हेयर नेट पहनकर काम करने वाले विक्रेता। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @kshytrea नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इस वीडियो का कैप्शन था ‘बदलाव।’ वीडियो में क्रिएटर ने मुंबई की गलियों और स्टॉलों का हाल दिखाया। पहले वड़ा पाव और भजिया पुराने अखबार में लपेटकर दिए जाते थे, जिसमें स्याही के रसायन खाने में मिल सकते थे। अब विक्रेता बटर पेपर का इस्तेमाल कर रहे हैं। मंचूरियन, चटनी और कॉटन कैंडी जैसे व्यंजन कृत्रिम रंगों के बजाय अपने प्राकृतिक रंग में नजर आ रहे हैं।

 

स्ट्रीट फूड स्टॉल की बदली सूरत

क्रिएटर ने बताया कि शेफ और स्ट्रीट वेंडर अब दस्ताने और हेयर नेट पहनकर भोजन तैयार कर रहे हैं। बर्तन और उपकरण साफ रखे जा रहे हैं। एक टिश्यू टेस्ट में प्लेट पूरी तरह साफ निकली। ब्रेड, टोस्ट और सॉस की बोतलों पर एमआरपी, सामग्री और एक्सपायरी डेट साफ-साफ छपी दिख रही है। 

तीन करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियो 

वीडियो ने सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया। इसे 3.5 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले और लाखों लाइक्स आए। लोग टिप्पणियों में तुकाराम मुंढे को धन्यवाद दे रहे हैं। बता दें कि, तुकाराम मुंढे मई 2026 में महाराष्ट्र FDA के आयुक्त बने। तब से उनके नेतृत्व में हजारों छापेमारी हुईं। बड़े आउटलेट्स के परमिट निलंबित किए गए। कई रेस्टोरेंट्स और स्टॉलों में गंदगी, कीड़े-मकोड़े और एक्सपायर्ड सामग्री पाई गई। जून में FDA ने अखबार में खाना लपेटने पर सख्त कार्रवाई शुरू की। 26 दुकानों पर 1.51 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। 

एक्शन के बाद आए ये बदलाव 

तुकाराम मुंढे की कार्रवाई से पहले मुंबई का स्ट्रीट फूड स्वाद के लिए मशहूर था, लेकिन स्वच्छता को लेकर चिंताएं बनी रहती थीं। अब विक्रेता खुद बदलाव ला रहे हैं। तेल बार-बार बदला जा रहा है, दस्ताने अनिवार्य हो गए हैं और पैकेजिंग साफ हो गई है। ग्राहक भी राहत महसूस कर रहे हैं। कई मुंबईकर कह रहे हैं कि अब वड़ा पाव खाने में हिचक नहीं होती। सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “एक अधिकारी ने सब कुछ बदल दिया।” कुछ ने कहा कि यह बदलाव पूरे देश के लिए उदाहरण होना चाहिए। हालांकि कुछ व्यवसायी सख्ती को ज्यादा बता रहे हैं, लेकिन आम जनता मुंढे के प्रयासों की सराहना कर रही है। 
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
स्ट्रीट फूड, चाय, ऑटो? बस QR कोड स्कैन करें..' भारत के UPI कल्चर से इंप्रेस हुई फ्रांसीसी महिला; Video