ओडिशा के गंजाम जिले में गांव के धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी। महाभारत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते करते दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। इस घटना में 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह घटना बुधवार रात गोलंथरा थाना क्षेत्र के मार्कंडी गांव में हुई। गांव में चल रहे ठाकुराणी यात्रा उत्सव के मौके पर महाभारत नाटक का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद थे।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, ओडीआरपी कॉलोनी के पास दो अलग-अलग महाभारत नाटक मंडलियां प्रस्तुति दे रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामला केवल बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर पत्थर और लाठियों से हमला करने लगे। अचानक हुए इस झगड़े से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे।
10 से ज्यादा लोग घायल
गंजाम में इस हिंसक झड़प में 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। कुछ लोगों को गंभीर चोटें आने की भी सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही गोलंथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों गुटों को शांत कराया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने क्या बताया?
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद किस वजह से शुरू हुआ, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। दक्षिणांचल आईजी नीति शेखर ने बताया कि यह झड़प दो नाटक मंडलियों के बीच हुई । कुछ लोग घायल हुए थे जिनका अस्पताल में इलाज किया गया है। किसी भी पक्ष की तरफ से एफआईआर दर्ज नहीं हुआ है। अगर कोई एफआईआर नहीं करता तो हम हम स्वतः एफआईआर रजिस्टर करेंगे और एक्शन लेंगे। गांव में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। जिस सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने लोग उत्साह के साथ पहुंचे थे, वह कुछ ही देर में हिंसा के मैदान में बदल गया। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- 'डोनाल्ड ट्रंप' भैंसे की कुर्बानी पर अधिकारियों ने लगाई रोक, जानें क्या है यह अनोखा मामला
वैभव के तांडव के बाद सोशल मीडिया पर आई Memes की बाढ़, देखकर दिल खुश हो जाएगा आपका