हापुड़: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां होली के त्यौहार से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मीनाक्षी रोड पर स्थित एक मिठाई की दुकान पर भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान एक दुकान से लगभग 40-50 किलोग्राम संदिग्ध खोया और पनीर बरामद किया। अधिकारियों ने मिलावट की आशंका के चलते पूरी खेप को ज़ब्त कर लिया और गुणवत्ता की जांच हेतु नमूने लैब भेजे हैं।
नष्ट करने के लिए डस्टबिन में फेंकी थी मिठाइयां
सबसे हैरान करने वाला मंजर तब देखने को मिला जब घंटों तक चली कार्रवाई के बाद विभाग द्वारा असुरक्षित घोषित की गई भारी मात्रा में सोन पापड़ी और मिल्क केक जैसी मिठाइयों को नष्ट करने के लिए नगर पालिका के कचरे के डिब्बे (डस्टबिन) में फेंक कर नष्ट कराया गया। जैसे ही प्रशासन की टीम आगे बढ़ी, वहां मौजूद लोगों में उन मिठाइयों को उठाने की होड़ मच गई। लोग डस्टबिन से ही मिठाइयों को निकाल कर ले जाने लगे। लोग अपनी जान और सेहत को जोखिम में डालकर कचरे के ढेर से मिठाइयों के डब्बे निकालते हुए नज़र आए। मिलावटी मिठाइयों को लूटने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
सामने आया मिठाई लूटने का वीडियो
इस घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कचरे में फेंकी गई ये मिठाइयां स्वास्थ्य के लिए ज़हर के समान हो सकती हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान ज़ारी रहेगा और मीनाक्षी रोड स्थित इस मामले में सप्लायर के नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है। एक तरफ जहां प्रशासन मिलावटी मिठाइयों पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है तो वहीं दूसरी तरफ इन्हीं मिठाइयों को लोग डस्टबिन से उठाने तक में संकोच नहीं कर रहे हैं। (इनपुट- निशांक शर्मा)
यह भी पढ़ें-
इंटरनेट पर इससे ज्यादा खूबसूरत कोई Video नहीं देखा होगा, अभी हो रहा है खूब वायरल