1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. VIDEO: कीचड़ से फिसलकर गड्ढे में गिरी बेकाबू कार, ईद मिलने जा रहे थे सवार

VIDEO: कीचड़ से फिसलकर गड्ढे में गिरी बेकाबू कार, ईद मिलने जा रहे थे सवार

Car Skids in Mud: पीलीभीत में एक कार तब गड्ढे में गिर गई जब वह कीचड़ में फिसली और ड्राइवर का कंट्रोल खो गया। गाड़ी को कीचड़ से निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

pilibhit car accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT पीलीभीत में कार गड्ढे में गिर गई है।

Pilibhit Car Accident Video: यूपी के पीलीभीत में अमरिया थाना क्षेत्र के गांव धुंधरी के पास घेरा शरीफ संपर्क मार्ग पर शनिवार को दोपहर एक तेज रफ्तार कार कीचड़ में फिसलकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में कार सवार 3 लोग घायल हो गए। धुंधरी गांव के रहने वाले मुजम्मिल और शाहनवाज अपने एक अन्य साथी के साथ कार में सवार होकर ईद मिलने के लिए रिश्तेदारी में गए थे, उसी दौरान ये हादसा हो गया।

फिसलकर गड्ढे में गिरी कार

हालांकि, लौटते समय घेरा शरीफ के पास ईंट भट्टे के निकट सड़क पर बारिश के कारण जमा कीचड़ में फिसलकर कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई। इस हादसे में शाहनवाज, मुजम्मिल और उनका एक अन्य साथी, तीनों घायल हो गए।

घायलों को ले जाया गया अस्पताल

बाद में, राहगीरों से मिली सूचना पर पहुंचे लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरिया ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया है।

बड़ी मुश्किल में सीधी हुई पलटी कार

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कार कीचड़ में उलटी छत के बल पड़ी हुई है। उसको ट्रैक्टर की मदद से सीधा करने की कोशिश की जा रही है। साथ में तीन लोग भी कार में धक्का लगा रहे हैं कि वह सीधी हो जाए। रस्सी से बांधकर उलटी पड़ी कार को खींचा जाता है और जोर लगाने पर फिर कार सीधी खड़ी हो जाती है।

कार को कीचड़ में देखने को जमा हुई भीड़

कार जब गड्ढे में गिरी तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो जाती है। हालांकि, पहले कीचड़ में घुसने हिचकते हैं लेकिन बाद में वे हिम्मत करके आगे बढ़ते हैं और ट्रैक्टर की मदद से कार को सीधा करने और बाहर निकालने में कामयाबी पा लेते हैं।

(इनपुट- कुलदीप कल्प)

ये भी पढ़ें- बेंगलुरु की सड़क पर शख्स ने लेम्बोर्गिनी कार से किया खतरनाक स्टंट, Viral Video के बाद पुलिस ने लिया एक्शन