रूस की डिजिटल कंटेंट क्रिएटर एलेना माकुश का भारतीय रेलवे के थर्ड एसी (3AC) कोच में पहली बार सफर का अनुभव बताने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस 46 सेकंड के क्लिप में अलेना ट्रेन की सुविधाओं, कम भीड़ और खाने के अनुभव को साझा करती नजर आती हैं। उन्होंने साफ कहा है कि भारत अब उन्हें डराता नहीं, बल्कि सिखा रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @ambika.soul नामक हैंडल से शेयर किया गया है। एलेना जुलाई 2026 में बाली से भारत आईं। 12 जुलाई को देश पहुंचने के बाद वे पिछले करीब एक महीने से भारत के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर रही हैं और अपने अनुभव इंस्टाग्राम पर वीडियो के जरिए शेयर कर रही हैं। हालिया वीडियो में वे एक दोस्त के साथ रेलवे स्टेशन पर पहुंचती हैं, ट्रेन में सवार होती हैं और सबसे पहले वॉशरूम देखकर हैरानी जताती हैं। वे मिरर में अपना चेहरा देखती हैं और अपनी बर्थ की ओर बढ़ती हैं। कोच में कम यात्रियों को देखकर वे हैरानी से कहती हैं, “सब कुछ ठीक है जब तक भीड़ नहीं है।”
ट्रेन के खाने से हुईं इंप्रेस
एक अन्य वीडियो में एलेना ट्रेन में खाना खाती हुई दिखती हैं। कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'खाना बहुत स्वादिष्ट था और खिड़की से बाहर देखना बहुत अच्छा लग रहा था। हालांकि हमारी ट्रेन अंडों की खुशबू से भरी हुई थी, फिर भी ऐसे पलों में हमें सचमुच बहुत खुशी मिली। क्या आपको याद है कि बचपन में हमें ट्रेन यात्रा कितनी पसंद थी?'
बाली से आने के बाद का एक्सपीरिएंस बताया
एलेना ने भारत आने के शुरुआती अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि पहला दिन मुश्किल था क्योंकि बाली की शांति के मुकाबले यहां का माहौल बिल्कुल अलग था। एक पोस्ट में वे लिखती हैं कि, 'भारत में गरीबी और अमीरी, शोर और सन्नाटा, अफरातफरी और अद्भुत शांति एक साथ मौजूद रहती है। शुरू में मेरा ध्यान इन्हीं विरोधाभासों पर गया। लेकिन जितना ज्यादा समय मैं यहां बिता रही हूं, उतना ही महसूस कर रही हूं कि भारत मुझे डराता नहीं। यह मुझे सिखा रहा है।' एलेना ने यह कहकर अपनी बात समाप्त की कि भारत न केवल उनकी यात्रा योजनाओं को नया आकार दे रहा है बल्कि जीवन के प्रति उनके दृष्टिकोण को भी बदल रहा है, और वह पहले ही इस देश के प्रति प्रेम महसूस करने लगी हैं।
वंदे भारत का अनुभव लेने की सलाह
वीडियो पर भारतीय यूजर्स की प्रतिक्रियाएं सकारात्मक रही हैं। कई लोगों ने एलेना को वंदे भारत जैसी ट्रेनों का अनुभव लेने की सलाह दी है। यह वीडियो उन विदेशी पर्यटकों की कहानियों में शुमार हो गया है जो भारत की रेल यात्रा और रोजमर्रा की जिंदगी को सकारात्मक नजरिए से पेश कर रहे हैं। विदेशी टूरिस्ट का अनुभव दिखाता है कि भारत के विरोधाभास शुरू में चुनौतीपूर्ण लग सकते हैं, लेकिन समय के साथ वे कई विदेशी यात्रियों के नजरिए को बदल देते हैं। उनका वीडियो न सिर्फ भारतीय रेलवे की सुविधाओं पर रोशनी डालता है, बल्कि देश की मेहमाननवाजी और जीवन की सादगी को भी रेखांकित करता है।
गौरतलब है कि, इससे पहले एक रशियन महिला ने भारत की खातिरदारी पर वीडियो शेयर किया था जिसमें उसने काफी तारीफ की थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
ऑस्ट्रेलियाई टूरिस्ट को एक महीने की सोलो ट्रिप के बाद भारत से हो गया प्यार, Video शेयर कर खुद बताईं वजह