1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. कुत्ते के पेशाब करने पर हुई मारपीट, व्यायाम कर रहे वरिष्ठ नागरिकों ने शख्स को पीटा; सामने आया VIDEO

कुत्ते के पेशाब करने पर हुई मारपीट, व्यायाम कर रहे वरिष्ठ नागरिकों ने शख्स को पीटा; सामने आया VIDEO

बेंगलुरु में कुत्ते के पेशाब करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक अपार्टमेंट में व्यायाम कर रहे वरिष्ठ नागरिकों ने कुत्ता टहला रहे शख्स से बहस की, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

कुत्ते के पेशाब करने पर शुरु हुआ विवाद। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कुत्ते के पेशाब करने पर शुरु हुआ विवाद।

बेंगलुरु: शहर के वर्थुर इलाके में कुत्ते के पेशाब करने को लेकर मारपीट हो गई। यहां ब्रिगेड यूटोपिया अपार्टमेंट में पेटडॉग को घुमाने को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, तरुण अरोड़ा अपने पेटडॉग को टहलाने के लिए बाहर लाए थे। अपार्टमेंट परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए टहलने और व्यायाम करने के लिए एक अलग निर्धारित क्षेत्र बनाया गया है। 

जॉगिंग एरिया में कुत्ते ने किया पेशाब

आरोप है कि तरुण का डॉग उसी क्षेत्र के पास पेशाब करने लगा, जिस पर वहां मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने उनसे सवाल किया कि वह डॉग को उस जगह क्यों लेकर आए। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। तरुण अरोड़ा का आरोप है कि लगभग 7-8 वरिष्ठ नागरिकों ने उन पर हमला किया, उन्हें लात-घूंसे मारे और मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद एक महिला ने बीच-बचाव कर लोगों को अलग किया और स्थिति को और बिगड़ने से रोका।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई गई शिकायत

इसके बाद तरुण अरोड़ा ने वर्थुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वरिष्ठ नागरिकों ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि, मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब उसी समूह की एक महिला ने तरुण अरोड़ा के खिलाफ काउंटर-कम्प्लेंट दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि जब उन्होंने डॉग के वहां पेशाब करने को लेकर सवाल किया तो तरुण ने ही उन पर हमला किया और उन्हें धमकाया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि तरुण ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि “मैं तुम्हें देख लूंगा” और “तुम्हें छोड़ा नहीं जाएगा”, साथ ही यह भी कहा कि उनके बच्चे विदेश में रहते हैं। महिला के अनुसार, इस घटना के बाद वे अपनी सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं और पुलिस से संरक्षण की मांग की है।

सामने आया CCTV फुटेज

पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में अपार्टमेंट परिसर के भीतर वरिष्ठ नागरिकों को व्यायाम करते हुए देखा जा सकता है, जबकि उसी दौरान तरुण अपने डॉग को लेकर वहां से गुजरते दिखाई देते हैं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस होती है और एक बुजुर्ग व्यक्ति कथित तौर पर तरुण का मोबाइल फोन हाथ से फेंक देता है, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें-

गोरखपुर में रीलबाज की सनक ने ले ली 2 की जान, फॉर्च्यूनर वाले गोल्डन साहनी ने मंत्री को बताया 'फूफा'