1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 13 साल पहले दोस्त ने छोड़ी दुनिया, जब उसकी फैमिली शॉपिंग पर आई तो पेमेंट नहीं लिया; बदले में कही इमोशनल बात

13 साल पहले दोस्त ने छोड़ी दुनिया, जब उसकी फैमिली शॉपिंग पर आई तो पेमेंट नहीं लिया; बदले में कही इमोशनल बात

सोशल मीडिया पर एक शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वो अपने उस दोस्त की फैमिली से मिलता दिख रहा है जिसने 13 साल पहले दुनिया छोड़ दी थी।

friendship emotional video, emotional friendship video viral, man refuse to take payment from friend- India TV Hindi
Image Source : IG/@ANCHOR.BHAVESH दोस्ती का इमोशनल वीडियो।

आजकल के व्यस्त जीवन में दोस्ती अक्सर सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित रह जाती है, लेकिन एक सब्जी वाले अंकल ने दिखाया कि असली दोस्ती मौत के बाद भी नहीं मरती। डिजिटल क्रिएटर भावेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें उनके दिवंगत पिता के 35 साल पुराने दोस्त ने सब्जियों के पैसे लेने से इनकार कर दिया। यह भावुक क्षण देखकर लोग आंसू नहीं रोक पा रहे। कई यूजर्स ने इसे सच्ची दोस्ती की मिसाल बताया।  

'अरे! घर में ही तो जा रहा है'

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @anchor.bhavesh नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में भावेश अपनी स्कूटी की डिग्गी पूरी सब्जियों से भरी दिखाते हुए कहते हैं कि अंकल पैसे नहीं ले रहे। अंकल मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, “अरे, घर में ही तो जा रहा है। घर के पैसे नहीं होते।” भावेश बताते हैं कि उनके पिता 2013 में गुजर गए थे। तब से 13 साल बीत चुके हैं, लेकिन अंकल आज भी परिवार को अपना ही मानते हैं और पैसे नहीं लेते। दोस्ती 30-35 साल पुरानी है। भावेश अंकल के पैर छूते हैं और आगे बढ़ जाते हैं। इस दौरान अंकल अपनी आंखें छिपाते नजर आते हैं क्योंकि उनमें आंसू भरे होते हैं।  

35 साल पुरानी दोस्ती आज भी कायम 

भावेश ने विस्तार से बताया कि उनके पिता की दुकान अंकल की दुकान के ठीक सामने थी। दोनों गहरे दोस्त थे। पिता के निधन के बाद भी यह रिश्ता नहीं टूटा। अंकल उन्हें परिवार का सदस्य समझते हैं। वीडियो में भावेश कहते हैं, “30-35 साल हो गए हैं। आज मेरे पिताजी के गुज़रे हुए 13 साल हो गए हैं। और वे कोई पैसे नहीं ले रहे हैं।” बाद में भावेश अंकल को उनका पसंदीदा खाना कढ़ी-चावल लेकर गए, जिससे रिश्ता और मजबूत दिखा।

वीडियो ने यूजर्स को किया इमोशनल 

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट होते ही लाखों व्यूज पा चुका है। हजारों कमेंट्स में लोग भावुक हो रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि, आंखों में आंसू होने पर मर्द नजरें नहीं मिला पाता। अंकल की नम आंखें और नीचे झुकी गर्दन ने सबका दिल पिघला दिया। 

एक यूजर ने लिखा, “यही वजह है कि दोस्त बनाने के मामले में कोई भी इंसान स्टैंडर्ड, उम्र या किसी और चीज़ की परवाह नहीं करता।” 

दूसरे ने कहा, “सच्ची दोस्ती ऐसी ही होती है।” 

एक तीसरे ने अपनी कहानी साझा की, “जब मैं 5 साल का था, तब मेरे पिता का निधन हो गया था। उस समय वही थे जो मेरे परिवार के साथ खड़े रहे। परिवार का कोई और सदस्य हमारे साथ नहीं था, लेकिन वे थे। यह बात-'यह हमारे अपने ही घर में जा रहा है, परिवार से पैसे नहीं लिए जाते'—दिखाती है कि जीवन में बस अच्छी दोस्ती ही हमेशा कायम रहती है।” 

चौथे ने कहा कि, “ये कमाकर गए अंकल इस दुनिया से।”

पांचवें ने लिखा कि, “उनकी आंखें पूरी कहानी बयां करती हैं। मर्द और उनकी दोस्तियां।”  

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
Boys Trip में घर से अचानक आया फोन, दोस्तों ने तुरंत कार को बनाया ट्रेन; मजेदार Video हो रहा वायरल