अमेरिका में एक टेस्ला साइबरट्रक को भारतीय ट्रक आर्ट वाला रंगीन लुक दे दिया गया है। इस देसी मेकओवर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गाड़ी के आगे बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है-‘देखो, मगर प्यार से।’ भविष्य की दिखने वाली इस इलेक्ट्रिक पिकअप ट्रक पर भारतीय ट्रकों जैसी रंग-बिरंगी कलाकारी देखकर लोग हैरान और खुश हो रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @oggraphicsllc नामक हैंडल से शेयर किया गया है। अमेरिका की विनाइल रैपिंग कंपनी ओरिजिनल ग्लोबल ग्राफिक्स ने यह काम किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया, जिसमें मालिक गैराज में आकर अपनी साइबरट्रक देखता है। सामान्य स्टेनलेस स्टील वाली सादी और आधुनिक दिखने वाली गाड़ी अब पूरी तरह बदल चुकी है। चटकीले रंग, फूल-पत्तियों के पैटर्न, धार्मिक प्रतीक और भारतीय राजमार्गों पर चलने वाले ट्रकों जैसी सजावट से इसे सजाया गया है। सामने वाले हिस्से पर ‘देखो, मगर प्यार से’ का स्लोगन साफ नजर आता है। यह वाक्य भारतीय ट्रकों पर अक्सर लिखा मिलता है।
पहली नजर में प्यार हो जाने वाला लुक
मालिक की प्रतिक्रिया वीडियो में कैद है। वह हैरानी और खुशी से गाड़ी को घूम-घूमकर देखता है। कंपनी ने इसे उसके सपने को पूरा करने वाला काम बताया। कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह रैप शादी के किराए के लिए भी तैयार किया गया है। मालिक ने कमेंट में जवाब दिया कि वह भारतीय ट्रक आर्ट चाहता था, जो पाकिस्तान में भी मिलता है, और मुख्य उद्देश्य वेडिंग रेंटल है। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं दिलचस्प हैं। कई लोगों ने कहा कि वे साइबरट्रक के फैन नहीं हैं, लेकिन इस देसी लुक को पसंद करते हैं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को देखने के बाद इस पर कई यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा कि, 'मुझे साइबरट्रक पसंद नहीं हैं, लेकिन मुझे यह वाला बहुत पसंद है।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'मैं इसे अगली शादी की बारात में पहले से ही देख सकता हूं।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'अमेरिकी कचरा डिब्बा बहुत ही शानदार लग रहा है। बढ़िया काम।'
चौथे यूजर ने लिखा कि, 'आइकॉनिक 'हॉर्न ओके प्लीज' की कमी खल रही है।'
पांचवें यूजर ने लिखा कि, 'साइबरट्रक फेस्टिवल में इसकी जरूरत है।'
छठे यूजर ने लिखा कि, 'मैं असमंजस में हूं। मुझे ट्रक की कलाकृति तो पसंद है, लेकिन साइबरट्रक मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है।'
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
मासूम का अनोखा बर्थडे सरप्राइज! गिफ्ट के रास्ते से गुजरती छोटी बच्ची का वीडियो दिल छू लेगा, यूजर्स बोले- ‘वह हमेशा याद रखेगी’