घर में जब कोई गायक या गायिका हो तो रियाज का दौर चलते ही रहता है। खासतौर पर शास्त्रीय संगीत के कलाकार घंटों-घंटों वक्त अपने रियाज में निकाल देते हैं। ऐसे ही गाने की प्रैक्टिस करते हुए एक पहाड़ी मां-बेटी का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। जहां मां अपनी मासूम सी परी को अपनी गोद में बैठाकर गाने की प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रही है। आगे-आगे मां गाते जा रही है, पीछे से बेटी उनके बोल को दोहराते जा रही है। एक मौका ऐसा भी आता है जब वह प्यारी सी गुड़िया अपनी मां को गाने से मना कर देती है और खुद गाने लगती है। मासूमियत से भरा यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस वक्त खूब पसंद किया जा रहा है।
सुरीली आवाज में बच्ची ने मां के साथ किया गाने का रियाज
वीडियो में आप देख सकते हैं कि मां अपनी बेटी को गोद में लिए बैठी हुई है और उसके साथ गाने का रियाज कर रही है। दोनों मां-बेटी 'तुमसे मिलकर ना जाने क्यों' गाना गा रही हैं। मां गा ही रही होती है कि बच्ची उन्हें चुप होने को बोलती है और कहती है कि, 'चुप रहो मम्मा, अब मैं गाती हूं।' इतना कहने के बाद बच्ची अपनी प्यारी सी सुरीली आवाज में गाना शुरु करती है लेकिन बीच में वह गाने की पंक्तियां भूल जाती है। जिसके बाद मां उसका साथ देती है और आगे की पंक्तियां गाने लगती है। इस पर बच्ची अपनी मां को एक बार फिर से इशारे में शी... करते हुए चुप करा देती है और फिर से उस गाने को गाने लगती है।
बच्ची के इस वीडियो पर लोगों ने जमकर लुटाया अपना प्यार
मासूम सी बच्ची के मुंह से निकली सुरीली आवाज कानों को इतना सुकून दे रही कि पूछो ही ना। गाने के साथ-साथ बच्ची के चेहरे के एक्सप्रेशन भी बेहद ही कमाल के हैं। बच्ची का यह वीडियो देखने के बाद लोग उसकी मासूमियत पर इस कदर प्यार लुटा रहे हैं कि सोशल मीडिया पर ये मां-बेटी इस वक्त खूब वायरल हो रही हैं। वीडियो को अब तक 1 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने देखा और लाखों लोगों ने इसे लाइक किया है। साथ ही लोगों ने इस वीडियो पर दिल खोलकर अपना प्यार लुटाया है। वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट कर बच्ची के गाने की तारीफ भी की है। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा- अद्भुत प्रस्तुति, भगवान आपको आशीर्वाद दें, लिटिल चैंपियन, जय हिमाचल। दूसरे ने लिखा- बच्ची बहुत ही स्वीट और क्यूट है। इसके क्यूटनेस का कोई जवाब नहीं।
ये भी पढ़ें:
'इसलिए शिक्षा बेहद जरूरी है', ट्रांसफॉर्मर में लगी आग तो लोग डालने लगे बाल्टी भर-भरकर पानी, देखें Video
VIDEO: 26 जनवरी क्यों मनाते हैं? सवाल पर पुलिस वाले अंकल ने दिया ऐसा जवाब, सुनकर हिल जाएगा दिमाग