1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'ये तो मुसाफिर कैफे जैसा है...' हिमालयी गांव में रहने वाले कपल के बजट Video पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया

'ये तो मुसाफिर कैफे जैसा है...' हिमालयी गांव में रहने वाले कपल के बजट Video पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक कपल ने हिमालयी गांव में रहने के एक्सपीरिएंस को शेयर किया है।

Himalayan Village video, Couple Trending Video, viral video, aaj ka viral video - India TV Hindi
Image Source : IG/@DIVYAAABHATT कपल का वीडियो वायरल।

हिमालय की गोद में बसे एक शांत गांव में रहने वाले दंपत्ति ने अपनी मासिक खर्च की डिटेल शेयर कर सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है। दिव्या भट्ट और सौरभ यादव हिमाचल प्रदेश के मनाली के पास गजान गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया कि पहाड़ों में आरामदायक जीवन जीने के लिए उनका कुल मासिक खर्च करीब 50,000 रुपये बैठता है। उनके खर्चों में भोजन, ईंधन, बिजली और मनोरंजन शामिल हैं। दिव्या ने हाल ही में बताया कि पहाड़ों में शांत जीवन का आनंद लेते हुए वे अपने मासिक खर्चों का प्रबंधन कैसे करते हैं। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @divyaaabhatt नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में दिव्या ने बताया कि, वे होमस्टे भी चलाते हैं, इसलिए 4BHK में रहते हैं। उन्होंने बताया कि अगर कोई सिर्फ रहने के लिए घर किराए पर लेना चाहे तो 1BHK का किराया करीब 15,000 रुपये और 2BHK का करीब 25,000 रुपये प्रति माह हो सकता है। खाना ज्यादातर घर पर ही बनाया जाता है, जिससे ग्रॉसरी बिल करीब 10,000 रुपये आता है। बाहर खाने पर अतिरिक्त 5,000 रुपये खर्च होते हैं। पहाड़ों में ज्यादातर जगह पैदल चले जाने के कारण पेट्रोल का खर्च सीमित रहता है करीब 3,000 रुपये प्रति माह। बिजली का बिल सरप्राइजिंगली कम है और पानी मुफ्त मिलता है क्योंकि प्राकृतिक स्रोत उपलब्ध हैं। बिजली-पानी मिलाकर करीब 1,000 रुपये का खर्च आता है। पहाड़ी रोमांच और आउटिंग्स पर भी करीब 3,000 रुपये खर्च होते हैं, क्योंकि प्रकृति आसानी से उपलब्ध है और ज्यादातर सैर-सपाटे मुफ्त होते हैं। इन सभी खर्चों को जोड़ने पर कुल मासिक बजट लगभग 50,000 रुपये हो जाता है।  

पहाड़ों की लाइफस्टाइल पर दिया जोर 

दिव्या का कहना है कि खर्चों को व्यवस्थित रखकर और घर का खाना बनाकर पहाड़ों में आरामदायक लाइफस्टाइल संभव है। वीडियो में उन्होंने पहाड़ी जीवन की खूबसूरती और शांति पर भी जोर दिया। शहर की भागदौड़ से दूर, साफ हवा और प्राकृतिक माहौल में रहना उनके लिए खास है। कई यूजर्स इस जीवनशैली को नेटफ्लिक्स सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ से जोड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी कि इतने कम खर्च में इतना सुकून भरा जीवन कई शहरवासियों के लिए सपना जैसा है। 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

इस वीडियो पर कई यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। एक यूजर ने लिखा कि, 'पहाड़ों का वो नज़ारा ज़िंदगी का सबसे बेहतरीन अनुभव है। सपनों भरी ज़िंदगी।'

दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'आप ऐसी ज़िंदगी जी रहे हैं जिसका हममें से कई लोग सिर्फ़ सपना ही देख सकते हैं।'

तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'यह पैसे के बारे में नहीं है। यह वहां मिलने वाली शांति के बारे में है। वह अनमोल है।'

चौथे यूजर ने लिखा कि, 'यह जीवन कितना शांतिपूर्ण लगता है।'

पांचवें यूजर ने लिखा कि, 'बिल्कुल मुसाफिर कैफे जैसा है।'

गौरतलब है कि, इससे पहले एक कपल ने कॉर्पोरेट से ऊबकर कपल ने मनाली से रिमोट जॉब  शुरू की थी। इसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
मनाली से रिमोट जॉब करने में कितना खर्च आता है, कॉर्पोरेट कर्मचारी ने खर्चों के बारे में बताया; Video Viral