A
Hindi News वायरल न्‍यूज बाघ चुपके से आकर आपके बिस्तर पर बैठ जाए तो? सच्ची है घटना, VIDEO देख दहशत में आ जाएंगे

बाघ चुपके से आकर आपके बिस्तर पर बैठ जाए तो? सच्ची है घटना, VIDEO देख दहशत में आ जाएंगे

क्या हो अगर आप सोने जाएं और आपके बिस्तर पर बाघ बैठ दिख जाए। ये बात सोच के ही डर लगता है, लेकिन ऐसा ही मामला मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में सामने आया है, जहां एक बाघ को बिस्तर पर बैठे देखा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बिस्तर पर आकर बैठा बाघ। - India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT बिस्तर पर आकर बैठा बाघ।

उमरिया: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में भी बाघ का खौफ देखने को मिल रहा है। यहां स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे बेल्दी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बाघ को पहले खेत में बैठे देखा गया और कुछ ही देर में वह गांव की आबादी में घुस आया। बाघ की मौजूदगी की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों के दरवाजे बंद कर सहम गए, जबकि कई ग्रामीण उत्सुकता में दूर से ही बाघ को देखने जुट गए। बाघ के बिस्तर पर बैठे रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

एक ग्रामीण पर बाघ ने किया हमला

दरअसल, यहां बेल्दी गांव में एक बाघ दुर्गा प्रसाद द्विवेदी के मकान के अंदर घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ सीधे घर के भीतर पहुंचा और एक कमरे में रखे बिस्तर पर बैठ गया। घर के अंदर बाघ के बिस्तर पर बैठने की खबर से गांव में दहशत फैल गई। आसपास के लोग घरों से बाहर निकलने से डरते रहे और बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित कमरों में रखा गया। बताया जा रहा है कि बाघ ने स्थानीय ग्रामीण गोपाल पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल और गहरा गया है।

वन विभाग ने किया सतर्क

सूचना मिलते ही पनपथा बफर क्षेत्र की वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन अमले ने गांव और आसपास के इलाके में घेराबंदी कर बाघ की लगातार निगरानी शुरू कर दी है। लाउडस्पीकर और मौके पर मौजूद कर्मचारियों के माध्यम से ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे घरों से बाहर न निकलें, भीड़ न लगाएं और किसी भी तरह से बाघ के पास जाने की कोशिश न करें। फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता बाघ को सुरक्षित तरीके से गांव से बाहर निकालना और किसी भी तरह की जनहानि को रोकना है। गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है और ग्रामीण डर के साये में समय गुजार रहे हैं।

बिस्तर पर बैठे बाघ का वीडियो हो रहा वायरल

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बेल्दी गांव बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटा हुआ इलाका है और यहां पहले भी बाघों की आवाजाही देखी जाती रही है। कुछ दिन पहले चिल्हारी के गड़रिया हार क्षेत्र में देखी गई एक बाघिन को 26 दिसंबर को रेस्क्यू कर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भेजा गया था। (इनपुट- विशाल)

यह भी पढ़ें- 

IFS अधिकारी को गश्त के दौरान दिखा खतरनाक जहरीला सांप, वीडियो शेयर कर दिखाई उसकी सुंदरता

Video: जब गोमूत्र से हाथ और मुंह धोने लगी ये टूरिस्ट, गिनाए इतने फायदे ​कि सुनकर यकीन नहीं होगा