नासिक में चल रहे सिंहस्थ कुंभ ने रूस और यूक्रेन के दो दोस्तों को एक साथ ला दिया है। हालांकि इन दोनों देशों के बीच इस समय युद्ध चल रहा है। दरअसल, रूस और यूक्रेन से दो पर्यटक नासिक पहुंचे। इन दोनों पर्यटकों ने बताया कि वे दोस्त हैं और उनके देशों के बीच चल रहे युद्ध का उनके निजी रिश्तों पर कोई असर नहीं पड़ा है।
साथ यात्रा कर रहे दोनों दोस्त
यूक्रेनी पर्यटक ने कहा, "मेरा नाम सर्ज है, मैं यूक्रेन से हूं। मैं भारत घूम रहा हूं और इस खूबसूरत देश को देख रहा हूं। यह बहुत दिलचस्प और सुंदर है। मैं यहां अपने दोस्त के साथ हूं, जो रूस से है। हम साथ-साथ यात्रा कर रहे हैं। हमारे देशों के बीच कुछ समस्याएं हैं, लेकिन हम यहां भारत में हैं, इसलिए हमें कोई दिक्कत नहीं है।"
लंबे समय से हैं दोस्त
उनके रूसी दोस्त ने युद्ध की राजनीति पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन बताया कि वे लंबे समय से दोस्त हैं। उन्होंने कहा, "हम बहुत लंबे समय से दोस्त हैं। अगर आप कोई राजनीतिक सवाल पूछना चाहते हैं, तो किसी और से पूछिए।" सिंहस्थ कुंभ के अपने अनुभव के बारे में उन्होंने कहा, "मुझे यह शहर बहुत पसंद आया। यहां का ऐतिहासिक केंद्र बहुत अच्छा है, और कई दिलचस्प व रंग-बिरंगी इमारतें हैं। मुझे नासिक शहर अच्छा लगा... हम यहां ज़्यादातर शाम के समय आए और नदी के किनारे जलती हुई आग देखी।
सिंहस्थ महाकुंभ के कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू
रूसी युवक ने बताया कि एक भारतीय पत्रकार ने मुझे बताया कि यहां उद्घाटन समारोह होना था, जहां राष्ट्रपति ने ध्वजारोहण किया और शाम को लोग नदी के किनारे आग जलाते हैं। मुझे लगता है कि वह हिस्सा ज़्यादा दिलचस्प होगा, क्योंकि अभी तो बस बहुत सारे लोग एक दिशा में जा रहे हैं।" बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नासिक में सिंहस्थ महाकुंभ के ध्वज स्तंभ पूजन, ध्वज पूजन और ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगी। इस मौके पर वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगी।
रूस-यूक्रेन में जंग जारी
वहीं दूसरी तरफ रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि कल रात, रूस के 'शहेद' (ड्रोन) ने कीव में एक कंबाइंड हीट एंड पावर प्लांट को निशाना बनाया, और निप्रो क्षेत्र में चार इलेक्ट्रिकल सबस्टेशनों पर भी हमले हुए। उन्होंने यह भी बताया कि आज सुबह (स्थानीय समयानुसार), एक रूसी ड्रोन ने शोस्तका में एक संयुक्त ताप और विद्युत संयंत्र (कंबाइंड हीट एंड पावर प्लांट) पर हमला किया। निप्रो में रेलवे के बुनियादी ढांचे और गैस वितरण सुविधा को भी नुकसान पहुंचा है। (इनपुट- ANI)
यह भी पढ़ें-
पानी पर 40 KM मोटरसाइकिल चलाकर रचा इतिहास, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा; चीन के इस शख्स ने कर दिखाया कमाल