चीनी मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी जेडएक्सएमओटीओ (ZXMOTO) के संस्थापक झांग जूए ने एक अद्भुत कारनामा करके गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने संशोधित मोटरसाइकिल पर खुले पानी में 40.74 किलोमीटर की दूरी तय की। यह उपलब्धि 25 अक्टूबर 2026 को उनके गृहनगर मायांग मियाओ स्वायत्त काउंटी, हुनान प्रांत में हासिल की गई।
एक्स पर शेयर की गई पोस्ट
इस पोस्ट को एक्स पर @XHscitech नामक हैंडल से शेयर किया गया है। झांग जूए ने जेडएक्सएमओटीओ एमएक्स450 मॉडल की मोटरसाइकिल पर यह रिकॉर्ड बनाया। मोटरसाइकिल को पानी पर चलने लायक बनाने के लिए उसमें एम्फीबियस स्की, बड़ा ईंधन टैंक और अतिरिक्त वॉटरप्रूफिंग लगाई गई थी। मोटरसाइकिल पहले जमीन पर स्पीड पकड़ती है, फिर पानी पर स्किम करती है। आगे की स्की दिशा नियंत्रण करती है और पीछे का टायर पानी को पीछे धकेलकर आगे बढ़ने का जोर पैदा करता है।
32 मिनट में तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिकॉर्ड प्रयास सुबह 11 बजे शुरू हुआ। झांग ने नदी के चौड़े कोर्स पर कई चक्कर लगाए। उन्होंने करीब 32 मिनट में 40.74 किलोमीटर की दूरी पूरी की। इसमें कई मोड़ और उच्च जोखिम वाले टर्न शामिल थे। रेस्क्यू बोट और मेडिकल टीम पूरी तैयारी के साथ मौजूद थीं। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारी जीपीएस ट्रैकिंग, टाइमिंग डेटा और ऑडियो-विजुअल रिकॉर्ड्स की जांच के बाद मौके पर ही रिकॉर्ड की पुष्टि कर दी। अधिकारी जियोंग वेन ने रिकॉर्ड प्रमाणित किया।
31.8 किमी का था पिछला रिकॉर्ड
यह उपलब्धि पिछले रिकॉर्ड 31.8 किलोमीटर को काफी पीछे छोड़ गई। झांग ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास था कि मैं इसे हासिल कर सकता हूं। अगर असफल भी हो जाऊं तो भी मैं बिना हिचकिचाहट के प्रयास जारी रखूंगा। मुझे इस प्रक्रिया का आनंद आता है।” उन्होंने यह चुनौती अपने गृहनगर में इसलिए रखी ताकि मायांग को दुनिया के सामने लाया जा सके। वे बोले कि, “दृढ़ता की भावना इसी भूमि से आती है।”
22 की उम्र में पहली बार चलाई थी बाइक
यह रिकॉर्ड झांग के 17 साल पुराने सपने का नतीजा है। 2009 में जब वे महज 22 साल के थे, तब उन्होंने पहली बार पानी पर मोटरसाइकिल चलाने की कोशिश की थी। उस समय सीमित तकनीक की वजह से वे चार बार पानी में गिर गए और अधिकतम 20 मीटर ही तय कर पाए थे। तब से वे इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रयासरत रहे। इस बार उनकी टीम ने पांच महीने तक मोटरसाइकिल की ब्वॉयेंसी, वॉटरप्रूफ सील और पावर सिस्टम को बेहतर बनाने पर काम किया। कई टेस्ट राइड्स के बाद ही अंतिम प्रयास किया गया।
पानी पर बाइक चलाना क्यों मुश्किल
पानी पर मोटरसाइकिल चलाना बेहद चुनौतीपूर्ण है क्योंकि संतुलन बनाए रखना, मोड़ लेना और लंबे समय तक थकान से निपटना कठिन होता है। झांग ने इन सभी चुनौतियों को पार किया। स्थानीय लोगों ने किनारे खड़े होकर उनका जोरदार समर्थन किया। यह उपलब्धि न सिर्फ व्यक्तिगत जीत है बल्कि चीनी नवाचार और दृढ़ संकल्प का प्रतीक भी बन गई है।
गौरतलब है कि, इससे पहले विमान के पंख से खुद को बांधकर एडवेंचर करने वाली वृद्धा के वर्ल्ड रिकॉर्ड का वीडियो वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
उत्तराखंड की महिला को मिला 'दुनिया के सबसे लंबे बालों वाली महिला' का खिताब, बनाया गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड