1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. उत्तराखंड की महिला को मिला 'दुनिया के सबसे लंबे बालों वाली महिला' का खिताब, बनाया गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड

उत्तराखंड की महिला को मिला 'दुनिया के सबसे लंबे बालों वाली महिला' का खिताब, बनाया गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Aug 08, 2026 03:31 pm IST,  Updated : Aug 08, 2026 03:31 pm IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों उत्तराखंड की महिला की फोटो खूब वायरल हो रही है। दरअसल, इन्होंने 8 फीट 10 इंच बालों के साथ गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

Guinness World Record, world's longest hair woman, Guinness World Record hairs, Guinness World Recor- India TV Hindi
महिला ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड। Image Source : IG/@GWR

उत्तराखंड की रेणु धारियाल ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया है, ये पोस्ट अब काफी वायरल हो रही है। हल्द्वानी की रहने वाली इस महिला के बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर यानी 8 फीट 10 इंच मापी गई है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस उपलब्धि की आधिकारिक घोषणा की है। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के साथ-साथ रेनू ने यह भी बताया कि उन्होंने वर्षों से अपने बालों की देखभाल कैसे की है।

गिनीज ने उनके रिकॉर्ड को मान्यता दी

इस पोस्ट को एक्स पर @GWR नामक हैंडल से शेयर किया गया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने लिखा, 'रेनू धारियाल (भारत) के बाल दुनिया में सबसे लंबे हैं! उन्होंने जीवित व्यक्ति (महिला) के सबसे लंबे बालों का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उनके काले घने बालों की लंबाई अविश्वसनीय रूप से 271.50 सेंटीमीटर (8 फीट 10 इंच) है।' 

2015 से बढ़ा रहीं अपने बाल

रेणु ने बताया कि वे 2015 से लगातार अपने बाल बढ़ा रही हैं और तब से उन्होंने कभी बाल नहीं कटवाए। भारतीय संस्कृति में लंबे बालों को सुंदरता और परंपरा का प्रतीक माना जाता है। यही प्रेरणा उनके लिए सबसे बड़ी थी। उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को बताया, 'मैं 2015 से लगातार बाल बढ़ा रही हूं। भारतीय संस्कृति में लंबे बाल अत्यधिक सुंदरता और परंपरा का प्रतीक माने जाते हैं, जिसने मुझे इतने लंबे बाल बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मैंने 2015 के बाद से कभी बाल नहीं कटवाए।' इतने लंबे बालों की देखभाल कोई आसान काम नहीं है। रेणु रोज घंटों खर्च करती हैं बाल धोने, सुलझाने और संभालने में। रोजमर्रा की जिंदगी में इन्हें प्रबंधित करने के लिए वे आमतौर पर लंबे चोटी बनाकर रखती हैं। गिनीज द्वारा जारी तस्वीरों में उनके घने काले बाल फर्श पर फैले दिखते हैं, बिस्तर के किनारे लटकते हैं और बैठने पर उन्हें चारों ओर घेर लेते हैं। गिनीज द्वारा साझा की गई तस्वीरों में उनके बाल फर्श पर लहराते हुए, बिस्तर के किनारे से लटकते हुए और बैठते समय उनके चारों ओर लिपटे हुए दिखाई दे रहे हैं।

हेयर केयर रूटीन शेयर किया 

रेणु (जो एक कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर भी हैं) नियमित रूप से अपने फॉलोअर्स के साथ ब्यूटी टिप्स शेयर करती हैं। उन्होंने माना कि इतने लंबे बालों की देखभाल में काफी समय और धैर्य लगता है। उन्होंने कहा, 'लंबे बालों को संभालने में बहुत धैर्य चाहिए। मैं घंटों अपने बालों को धोने और सुलझाने में बिताती हूं।' अपने बालों की देखभाल की दिनचर्या साझा करते हुए रेणु ने कहा, 'मेरा राज़ पूरी तरह से प्राकृतिक है। मैं रासायनिक उत्पादों से दूर रहती हूं और अपने यूट्यूब चैनल पर रासायनिक मुक्त घरेलू हेयर ऑयल और घरेलू शैम्पू बनाने के राज़ भी साझा करती हूं।' उन्होंने यह भी कहा कि, 'इतने लंबे बालों के साथ, जब भी मैं बाहर निकलती हूं या सोशल मीडिया पर आती हूं, लोग आश्चर्यचकित हो जाते हैं और मुझे बहुत प्रशंसा और ध्यान मिलता है। मैं दुनिया को यह संदेश देना चाहती हूं कि दृढ़ संकल्प, निरंतरता और अपनी प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति से जुड़कर आप कोई भी बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं।' 

यूक्रेन की म​हिला का तोड़ा रिकॉर्ड 

रेणु के बालों की माप अप्रैल में हल्द्वानी में आधिकारिक रूप से सत्यापित की गई थी। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूक्रेन की आलिया नासिरोवा के नाम था, जिनके बाल 257.33 सेंटीमीटर (8 फीट 5.3 इंच) लंबे थे। रेणु ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया। दिलचस्प बात यह है कि उनके बालों की लंबाई इतिहास के सबसे लंबे व्यक्ति रॉबर्ट वाडलो की ऊंचाई (272 सेंटीमीटर) से सिर्फ थोड़ी ही कम है। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

जॉब से निकाले गए सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने सुपरमार्केट खोली, LinkedIn पोस्ट में कहा- 'रोज 50 हजार की बिक्री हो रही'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।