1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. चलते-फिरते 5 स्टार होटल जैसी है वंदे भारत स्लीपर की सर्विस, 1AC में मिले प्रिंस ट्रीटमेंट का Video Viral

चलते-फिरते 5 स्टार होटल जैसी है वंदे भारत स्लीपर की सर्विस, 1AC में मिले प्रिंस ट्रीटमेंट का Video Viral

सोशल मीडिया पर इन दिनों वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का एक वीडियो इन दिनों काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कंटेंट क्रिएटर ने उसकी सुविधाओं पर प्रकाश डाला है।

 vande bharat sleeper amenities, vande bharat sleeper video, vande bharat sleeper luxury video, vand- India TV Hindi
Image Source : IG/@COUNTING.UNIQUE वंदे भारत स्लीपर का वीडियो वायरल।

भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का फर्स्ट एसी कोच इन दिनों चर्चा में है। एक कंटेंट क्रिएटर ने इस कोच में सफर का अनुभव शेयर किया तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यात्री को ‘प्रिंस ट्रीटमेंट’ महसूस हुआ। नहाने गए तो गरम पानी मिला और खाने की भी तारीफ की गई। नवभारत टाइम्स ने इस अनुभव पर रिपोर्ट प्रकाशित की है। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @counting.unique नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में वीडियो में प्रणय गुप्ता  हावड़ा जंक्शन से कामाख्या जंक्शन के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की 1AC में सफर करते नजर आते हैं। अभी यह देश की एकमात्र वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है। प्रणय कोच में घुसते ही कहते हैं कि यह किसी होटल से कम नहीं लग रहा। अंदर लगी पेंटिंग और हाई सिक्योरिटी के लिए लगे सीसीटीवी को दिखाते हुए वे अपने प्राइवेट केबिन में जाते हैं। 

प्राइवेट केबिन से वॉशरूम में गरम पानी तक...

प्राइवेट केबिन की खासियतें कई हैं। दरवाजा अंदर से लॉक होता है। खिड़की पर लगा ग्लास बटन दबाते ही पारदर्शी हो जाता है। केबिन में वॉर्म लाइट (पीली) और नाइट लाइट (नीली) जैसी अलग-अलग लाइटिंग ऑप्शन हैं। चार्जिंग पोर्ट में टाइप-सी पोर्ट देखकर भी प्रणय इंप्रेस हो जाते हैं। ये फीचर्स ट्रेन को लग्जरी होटल जैसा एहसास देते हैं। सबसे चौंकाने वाला पल तब आता है जब प्रणय नहाने के लिए बाथरूम जाते हैं। वहां शॉवर उपलब्ध है और उसमें गरम पानी आ रहा होता है। नहाने के बाद जब वे केबिन लौटते हैं तो खाने की टेबल लग चुकी होती है। गर्मा-गरम खाना परोसा जाता है। खाने को लेकर प्रणय का ईमानदार रिव्यू है— “5 स्टार जैसा तो नहीं है, मगर बाकी ट्रेनों से काफी अच्छा है।”

यूजर्स को बेहद पसंद आया वीडियो 

यह वीडियो महज 16 घंटों में करीब 30 लाख व्यूज पार कर चुका है। प्रणय के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 3 लाख 74 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। कमेंट सेक्शन में लोग ट्रेन की तारीफ तो कर रहे हैं, लेकिन किराए को लेकर भी चर्चा हो रही है। कई यूजर्स लिख रहे हैं कि ट्रेन अच्छी है, लेकिन जेब पर दबाव पड़ता है। टिकट के दाम को लेकर अनुमान 1000 रुपये से 5000 रुपये तक लगाए जा रहे हैं।

वंदे भारत स्लीपर के बारे में 

वंदे भारत स्लीपर का 1AC कोच यात्रियों को प्राइवेट केबिन, स्मार्ट ग्लास, बेहतर लाइटिंग, टाइप-सी चार्जिंग और गरम पानी वाले शॉवर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। ये सुविधाएं पारंपरिक ट्रेनों से काफी आगे हैं और यात्रियों को लग्जरी अनुभव देती हैं। यह अनुभव दिखाता है कि भारतीय रेलवे प्रीमियम सेगमेंट में लगातार सुधार कर रहा है। हालांकि कुछ यात्री किराए को लेकर चिंतित हैं, लेकिन सुविधाओं की गुणवत्ता देखकर कई लोग संतुष्ट नजर आते हैं। ये वायरल वीडियो उन लोगों के लिए उपयोगी है जो वंदे भारत स्लीपर की 1AC में सफर करने की सोच रहे हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें - 

वंदे भारत स्लीपर के डिजाइन और हाइजीन से बेहद इंप्रेस हुई महिला, Video सभी को देखना चाहिए; हो रहा वायरल