1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. VIP भिखारी सड़क पर बैनर तले लेटकर मांग रहा था भीख, जब उसकी शर्तों पर गई लोगों की नजरें, फटी की फटी रह गईं आंखें

VIP भिखारी सड़क पर बैनर तले लेटकर मांग रहा था भीख, जब उसकी शर्तों पर गई लोगों की नजरें, फटी की फटी रह गईं आंखें

भीख मांगना समाज में एक कुरीति माना जाता है, लेकिन इस भिखारी ने इसे एक मजेदार और क्रिएटिव अंदाज में पेश किया है। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

सड़क किनारे लेटकर भीख मांगता भिखारी- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ROHIT_TM_00 सड़क किनारे लेटकर भीख मांगता भिखारी

सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ न कुछ ऐसा वायरल होता है, जो लोगों को हंसने पर मजबूर कर देता है। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है, जिसमें एक भिखारी ने खुद को "वीआईपी भिखारी" घोषित कर एक अनोखा बैनर लगाया है। यह बैनर राह चलते लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है।

शख्स ने खुद को बनाया "वीआईपी भिखारी"

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक भिखारी रेलवे ट्रैक के पास सड़क किनारे आराम से लेटा हुआ है। यह भिखारी अपने बैनर के जरिए राहगीरों का ध्यान खींच रहा है। बैनर पर लिखी बातें किसी दुकान या बिजनेस का विज्ञापन नहीं, बल्कि यह पूरी तरह से एक अनोखा बैनर है। बैनर में भिखारी ने खुद को "वीआईपी भिखारी" बताया है और भीख की देने की कम से कम 200 रुपये की राशि तय की है। इतना ही नहीं, उसने भीख देने का समय भी निर्धारित किया है, जैसे कोई दुकान के खुलने और बंद होने का समय होता है। इतना ही नहीं इन सबसे मजेदार बात यह है कि इस भिखारी ने डिजिटल युग को अपनाते हुए ऑनलाइन भीख की सुविधा भी शुरू की है। उसने बैनर पर एक क्यूआर कोड भी छपवाया है, ताकि लोग कैश ना होने का बहाना ना बना सकें। लोगों को भी अब न छुट्टे पैसे की चिंता, न कैश ढूंढने की जरूरत! इसके अलावा, इस बैनर पर भिखारी की एक तस्वीर भी लगी है, जो इसे और भी आकर्षक बनाती है।

पोस्टर पर अटक गई लोगों की नजरें

यह बैनर देखकर राहगीर ठिठक कर इसे पढ़ रहे हैं और हंस-हंसकर तस्वीरें ले रहे हैं। लेकिन मजेदार बात यह है कि वीडियो में कोई भी इस "वीआईपी भिखारी" को भीख देता नजर नहीं आ रहा। इससे एक सवाल उठता है कि क्या इतनी शर्तों के साथ कोई भिखारी को भीख देना चाहेगा? इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर रोहित (@rohit_tm_00) नाम के यूजर ने शेयर किया है, जिसे अब तक 1.3 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वीडियो पर 992 से ज्यादा कमेंट्स आ चुके हैं, और लोग जमकर मजे ले रहे हैं। कैप्शन में लिखा "वीआईपी भिखारी।"

वीडियो पर लोगों के मजेदार कमेंट्स

कमेंट्स में लोगों ने एक से बढ़कर एक मजेदार सवाल पूछे हैं। कोई पूछ रहा है, "शादी-पार्टी के ऑर्डर लिए जाते हैं क्या?" तो किसी ने चुटकी लेते हुए लिखा, "भाई, ED की रेड पड़ सकती है!" एक यूजर ने सुझाव दिया, "रोड पर मांगने की क्या जरूरत, कहीं ऑफिस खोल लेता।" वहीं, कुछ लोग तो भिखारी से नौकरी मांग रहे हैं, जैसे "हेल्पर की जरूरत है क्या?" या "सुपरवाइजर की जगह खाली है?" एक ने तो मजाक में पूछ लिया, "कौन सी डिग्री लेने के बाद ये जॉब मिलेगी?" और एक अन्य ने पूछा, "200 रुपये में जीएसटी शामिल है ना?"

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें:

लड़की बार-बार कह रही थी कि मैं दिल देखकर प्यार करती हूं, दावे पर लड़के ने कहा कुछ ऐसा कि मन हो गया खट्टा

बहुत तेज हो रहे हो! लड़के ने खेल-खेल में लड़की को बोल दिया I Love You, सुनते ही शरमा गई प्यारी