Interesting Facts About Human Body: मानव शरीर एक गजब की मशीन की तरह है, जिसमें 206 हड्डियां मिलकर हमारा ढांचा तैयार करती हैं। यही हड्डियां हमें चलने-फिरने में मदद करती हैं और महत्वपूर्ण अंगों की रक्षा करती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इनमें से एक हड्डी ऐसी भी है जो किसी दूसरी हड्डी से बिल्कुल नहीं जुड़ती? यह हड्डी है 'हाइओइड बोन', जो गले में स्थित होती है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह मानव शरीर की एकमात्र ऐसी हड्डी है और इसे इसीलिए 'फ्लोटिंग बोन' भी कहते हैं। 'फ्लोटिंग बोन' मांसपेशियों, लिगामेंट्स और कार्टिलेज से जुड़ी रहती है, लेकिन किसी अन्य हड्डी से सीधा संपर्क नहीं रखती।
आखिर क्या होता है हाइओइड बोन का काम?
हाइओइड बोन ठोड़ी तथा थायरॉइड कार्टिलेज के बीच में मौजूद होती है। इसका मुख्य काम इंसान की जीभ को सहारा देना, निगलने की प्रक्रिया में मदद करना और बोलने में मदद करना है। यह हड्डी इतनी अनोखी है कि फॉरेंसिक जांच में इसका इस्तेमाल स्ट्रैंगलिंग या फांसी के मामलों से जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने में किया जाता है, क्योंकि यह आसानी से टूट सकती है। हाइओइड बोन का आकार घोड़े की नाल या U जैसा होता है, जिसमें एक बॉडी और दो जोड़ी हॉर्न्स होते हैं जिनमें से एक हॉर्न बड़ा होता और दूसरा छोटा। यह हड्डी बचपन में नरम रहती है और उम्र के साथ मजबूत होती जाती है। बिना जोड़ के यह हड्डी शरीर में 'स्वतंत्र' रूप से काम करती है।
शरीर की सबसे लंबी और मजबूत हड्डी है 'फीमर'
हाइओइड के अलावा भी हमारे शरीर में कई बेहद दिलचस्प हड्डियां मौजूद हैं। उदाहरण के लिए, सबसे छोटी हड्डी 'स्टेपीज' है, जो कान के अंदर स्थित होती है। यह सिर्फ 3 मिलीमीटर लंबी होती है और सुनने की प्रक्रिया में बेहद ही अहम भूमिका निभाती है। स्टेपीज, हैमर और एनविल नामक तीन छोटी हड्डियां मिलकर ध्वनि तरंगों को हमारे मस्तिष्क तक पहुंचाती हैं। हमारे शरीर की सबसे लंबी और मजबूत हड्डी 'फीमर' है, जो जांघ में पाई जाती है। यह 2500 पाउंड तक का दबाव सह सकती है और स्टील से 5 गुना ज्यादा मजबूत होती है।
एक नवजात शिशु में होती हैं करीब 300 हड्डियां
एक और कमाल की बात यह है कि एक नवजात शिशु में लगभग 300 हड्डियां होती हैं, और जैसे-जैसे आदमी की उम्र बढ़ती जाती है ये कम होती जाती हैं और वयस्क मनुष्य में उनकी संख्या 206 रह जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आधे से ज्यादा हड्डियां हाथों और पैरों में होती हैं जिनमें से हमारे हर साथ में 27 हड्डियां और पैर में 26 हड्डियां होती हैं। तो बताइए, क्या आपको पहले इंसान की हड्डियों के बारे में इतनी जानकारी थी।