1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. नौवीं क्लास में बेटा लाया अच्छा रिजल्ट तो पिता ने गिफ्ट की BMW कार, कीमत है करीब 2.30 करोड़ रुपये

नौवीं क्लास में बेटा लाया अच्छा रिजल्ट तो पिता ने गिफ्ट की BMW कार, कीमत है करीब 2.30 करोड़ रुपये

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान के गलसी में 9वीं क्लास में अच्छे नंबर लाने पर बेटे को अपने सपनों की कार मिल गई। पिता ने उसे करीब 2.30 करोड़ रुपये की कार का तोहफा दिया।

कीमत है करीब 2.30 करोड़ रुपये- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नौवीं क्लास में बेटा लाया अच्छा रिजल्ट तो पिता ने गिफ्ट की BMW कार

पूर्व बर्धमान: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान के गलसी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां 9वीं क्लास में बेटे का अच्छा रिजल्ट देखकर पिता इतना ज्यादा खुश हो गया कि उसने बेटे को तोहफे में  BMW M4 Competition कार दे दी। इस कार की कीमत करीब 2.30 करोड़ रुपये है।

क्या है पूरा मामला?

अगर परीक्षा में अच्छे अंक लाने पर इनाम के तौर पर BMW M4 Competition जैसी लग्जरी कार मिल जाए, तो पढ़ाई के प्रति उत्साह निश्चित रूप से बढ़ जाएगा। कुछ ऐसा ही खास तोहफा पूर्व बर्दमान जिले के गलसी अंतर्गत पाराज निवासी व्यवसायी शमसुद्दीन मिद्या ने अपने बेटे को दिया है। उनके बेटे मोहम्मद तलहा ने नौवीं कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया। बेटे की इस सफलता को यादगार बनाने और उसका वर्षों पुराना सपना पूरा करने के लिए पिता ने मुंबई जाकर उसकी पसंदीदा BMW M4 Competition कार खरीदी। इस अनोखे उपहार को लेकर इलाके में काफी चर्चा हो रही है।

लग्जरी गाड़ियों के प्रति शमसुद्दीन मिद्या का विशेष शौक रहा है। उनके कार कलेक्शन में पहले से ही रेंज रोवर, वोल्वो, महिंद्रा थार और हुंडई अल्काजार जैसी कई नामी कंपनियों की गाड़ियां शामिल हैं। अब इस कलेक्शन में BMW M4 Competition भी जुड़ गई है। हालांकि, इस बार कार खरीदने की वजह उनका अपना शौक नहीं, बल्कि बेटे का सपना है।

दरअसल, तलहा लंबे समय से BMW M4 Competition चलाने का सपना देख रहा था। नौवीं कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा में अच्छे परिणाम आने के बाद पिता ने बेटे की इस इच्छा को पूरा करने का फैसला किया। शमसुद्दीन के अनुसार, इस कार को खरीदने में लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च हुए हैं।

रजिस्ट्रेशन नंबर को लेकर भी शमसुद्दीन की खास पसंद

सिर्फ गाड़ियों के मॉडल ही नहीं, बल्कि उनके रजिस्ट्रेशन नंबर को लेकर भी शमसुद्दीन की खास पसंद है। उनकी कई गाड़ियों के नंबर के अंतिम तीन अंक 555 हैं। यह नंबर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की गाड़ियों के नंबर से भी मेल खाता है।

हालांकि, शमसुद्दीन मिद्या की पहचान केवल लग्जरी गाड़ियों के शौक तक सीमित नहीं है। वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं और गरीब तथा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आते हैं। बताया जाता है कि कई बार वह गुप्त रूप से भी जरूरतमंद लोगों की सहायता करते हैं।

वहीं, बेटे मोहम्मद तलहा ने बताया कि फिलहाल वह अपनी पढ़ाई पर ही पूरा ध्यान देना चाहता है। हालांकि, सप्ताह में एक दिन वह इस नई कार में घूमने का आनंद जरूर लेगा। उस दिन कार उसके पिता चलाएंगे और वह उनके बगल में बैठकर सफर का आनंद उठाएगा। अपने लंबे समय के सपने को पूरा होते देख तलहा बेहद खुश है।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि 5 करोड़ रुपए के नोटों से मंदिर की सजावट की गई थी। इसका VIDEO भी सामने आया था। (रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

धनतेरस पर 10,00,00,00,00,000 से ज्यादा का कारोबार होने का अनुमान, देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगी बड़ी रफ्तार