1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. भारत का इकलौता रेलवे प्लेटफॉर्म, जिसमें 14 फुटबॉल मैदान समा सकते हैं; गिनीज बुक में भी दर्ज है नाम

भारत का इकलौता रेलवे प्लेटफॉर्म, जिसमें 14 फुटबॉल मैदान समा सकते हैं; गिनीज बुक में भी दर्ज है नाम

सोशल मीडिया पर आपने भारत के कई अनोखे रेलवे स्टेशनों के बारे में पढ़ा होगा। मगर, क्या आपको पता है कि भारत में एक ऐसा रेलवे प्लेटफॉर्म भी है जिसमें फुटबॉल के 14 मैदान आराम से समा सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में:

India's Longest Railway platform, World's Longest Railway platform, Logest railway platform, Indian - India TV Hindi
Image Source : PEXELS भारत का रेलवे प्लेटफॉर्म।

भारत में मौजूद लगभग हर रेलवे स्टेशन अपनी किसी न किसी खूबी के लिए जाना जाता है। कई रेलवे स्टेशन तो ऐसे भी हैं जो भारत के गौरवशाली इतिहास को विरासत के तौर पर संजोए हुए हैं। भारतीय रेलवे स्टेशनों की खूबियों के चलते ही कई लोग इनके रिकॉर्ड्स को जानने के बाद आश्चर्य व्यक्त करते हैं। यही वजह है कि विदेशी टूरिस्ट भी ऐसे रेलवे स्टेशनों को देखने के बाद दूसरे देशों से तुलना कर इनकी तारीफ करते हैं। क्या आप जानते हैं कि, भारत में एक ऐसा ही रेलवे प्लेटफॉर्म है जिसकी लंबाई इतनी ज्यादा है कि उस लंबाई में करीब फुटबॉल के 14 मैदान आसानी से समा सकते हैं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात तो ये है कि, इस रेलवे स्टेशन की लंबाई का रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। 

भारत ही नहीं दुनिया का सबसे लंबा प्लेटफॉर्म 

बता दें कि, कर्नाटक प्रांत का श्रीसिद्धारूढ़ स्वामीजी हुबली जंक्शन का प्लेटफॉर्म भारत का ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे लंबा प्लेटफॉर्म है। सबसे खास बात तो ये है कि, इस रेलवे स्टेशन की लंबाई 1507 मीटर है। इसने 2023 में गोरखपुर के स्टेशन को पीछे छोड़ते हुए रिकॉर्ड बनाया। इस रेलवे स्टेशन का उद्घाटन 2023 में किया गया था और प्रसिद्ध हिन्दू संत सिद्धारूढ़ स्वामीजी के नाम पर ‘श्री सिद्धारूढ़ स्वामीजी रेलवे स्टेशन हुब्बल्ली’ रखा गया है। इसे पश्चिम रेलवे का सबसे व्यस्त रेलवे जंक्शन भी कहा जाता है। 

Image Source : indian_rail_infoश्रीसिद्धारूढ़ स्वामीजी हुबली जंक्शन।

क्या वाकई इसमें फुटबॉल के 14 मैदान समा सकते हैं? 

श्रीसिद्धारूढ़ स्वामीजी हुबली जंक्शन के प्लेटफॉर्म के बारे में सुनते ही कई लोगों के मन में प्रश्न आता है कि, क्या सच में इसमें फुटबॉल के 14 मैदान समा सकते हैं? तो जवाब है- हां!! चूंकि फुटबॉल के मैदान की लंबाई आमतौर पर 105 मीटर होती है और इस हिसाब से देखा जाए तो कर्नाटक के इस रेलवे स्टेशन की लंबाई में आराम से 14-15 फुटबॉल के मैदान समा सकते हैं।  

क्यों बना पड़ा इतना लंबा रेलवे प्लेटफॉर्म 

हुबली स्टेशन दक्षिण भारत का काफी बड़ा रेलवे स्टेशन है। यहां पर उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम यानी चारों दिशाओं से ट्रेनों का आवागमन होता है। ऐसा माना जाता है कि, पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से कई बार बहुत से ट्रेन आउटर पर सिग्नल न मिलने के कारण रुक जाती थीं जिससे यात्रियों को लेटलतीफी सरीखी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इससे पूरे रूट की ट्रेनों बुरी तरह प्रभावित होती थीं। 

गिनीज बुक में भी दर्ज है नाम 

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में 'श्रीसिद्धारूढ़ स्वामीजी हुबली जंक्शन' को लिस्टेड किया है। गिनीज बुक में इसके बारे में लिखा है कि, 'सबसे लंबा रेलवे प्लेटफॉर्म 1,507 मीटर है और इसे दक्षिण पश्चिम रेलवे हुबली डिवीजन (भारत) द्वारा हुबली रेलवे स्टेशन, कर्नाटक, भारत में 12 जनवरी 2023 को सत्यापित किया गया था। सबसे लंबे रेलवे प्लेटफॉर्म का निर्माण हुबली रेलवे स्टेशन पर रेलवे यार्ड के पुनर्निर्माण परियोजना के हिस्से के रूप में किया गया था, जिसका उद्देश्य बेहतर परिचालन दक्षता, ट्रेन संचालन सुरक्षा और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और आराम प्रदान करना था।'  

ये भी पढ़ें -

रेलवे ट्रैक पर पत्थर क्यों बिछाए जाते हैं, ​वजह सुनकर दिमाग घूम जाएगा; सपने में भी नहीं सोचा होगा