A
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां प्लेटफॉर्म तक कार-बाइक ले जा सकते हैं; बीच में है चौड़ी रोड

भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां प्लेटफॉर्म तक कार-बाइक ले जा सकते हैं; बीच में है चौड़ी रोड

Railway Facts : सोशल मीडिया समेत कई अन्य प्लेटफॉर्म्स पर आपने रेलवे से जुड़ी कई अनोखी जानकारी प्राप्त की होगी। मगर, आज हम आपको उस रेलवे स्टेशन के बारे में बताएंगे जहां प्लेटफॉर्म तक कार-बाइक ले जा सकते हैं।

which railway platform car bike parked, railway station interesting facts, which railway station has- India TV Hindi
Image Source : INDIANRAILINFO AND FREEPIK (CIRCLE) भारत का अनोखा रेलवे स्टेशन।

Railway Facts : भारतीय रेलवे अपने रेल विशालतम रेल नेटवर्क के लिए विश्वविख्यात है। एक दिन में हजारों ट्रेनों का कुशलतापूर्वक संचालन और निर्बाध गति से यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के इस काम को देखकर कई बार विदेशी टूरिस्ट भी हैरान रह जाते हैं। ऐसे में वे कई बार व्लॉग बनाकर भारतीय रेलवे और भारतीय रेल नेटवर्क की तारीफ में कसीदे पढ़ते दिखते हैं। हालांकि, कई बार भारतीय रेलवे स्टेशनों की खासियत भी  लोगों को चौंकाती है। मसलन स्टेशन की अनोखी शैली, उसकी लंबाई-चौड़ाई, उसका नाम, नाम से जुड़े रहस्य और स्टेशन की संरचना आदि। भारत के कई रेलवे स्टेशन को इतनी खूबसूरती से बनाया गया है उसकी सुंदरता देखते ही बनती है। ऐसा ही एक रेलवे स्टेशन हमेशा से आकर्षण का केंद्र रहा है जिसकी खासियत ये है कि उस स्टेशन पर आप प्लेटफॉर्म तक कार-बाइक या अपनी कैब को लेकर जा सकते हैं। 

भारत के अनोखे रेलवे स्टेशन कौन-कौन से हैं  

भारतीय रेल नेटवर्क में कई ऐसे स्टेशन हैं जो अपनी अनोखी विशेषताओं के लिए लोकप्रिय हैं। मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) विक्टोरियन गोथिक वास्तुकला का अनुपम नमूना है, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है। भोपाल का रानी कमलापति स्टेशन आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन के लिए जाना जाता है, जो एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस है। लखनऊ का चारबाग स्टेशन महलनुमा इमारत के रूप में प्रसिद्ध है। नवापुर स्टेशन महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा पर स्थित है, जहां एक ही ट्रेन के इंजन एक राज्य में और बोगियां दूसरे राज्य में खड़ी रहती हैं। इसी तरह भवानी मंडी राजस्थान और मध्य प्रदेश को जोड़ता है। दार्जिलिंग के पास घुम स्टेशन भारत का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन है। कुछ स्टेशनों के नाम भी विचित्र हैं, जैसे दीवाना (हरियाणा), काला बकरा (पंजाब) आदि।  

भारतीय रेलवे का अभूतपूर्व परिवर्तन 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय रेलवे ने अपने इन्फ्रास्ट्रक्चर में पिछले एक दशक में अभूतपूर्व परिवर्तन किया है। फिर चाहे वो वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत एक हजार से ज्यादा स्टेशनों का आधुनिकीकरण, विद्युतीकरण और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ही क्यों न हो। इसके अलावा हाल ही में की गई रिफॉर्म एक्सप्रेस की घोषणा में AI आधारित रखरखाव, सुरक्षा वृद्धि और कार्गो दक्षता शामिल है। बता दें कि, मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट का आधे से ज्यादा कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि सात नए हाई स्पीड कॉरिडोर प्रस्तावित हैं।  

किस रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म तक कार-बाइक ले जा सकते हैं 

भारत के इस अनोखी क्षमता वाले रेलवे स्टेशन के बारे में अगर आप भी जानना चाहते हैं तो हम आपको इसका जवाब बता ही देते हैं।  दरअसल, पश्चिम बंगाल का हावड़ा जंक्शन ही वो रेलवे स्टेशन है। यहां दो रेलवे प्लेटफार्मों के ठीक बीच से एक चौड़ी सड़क गुजरती है। कैब रोड के नाम से चर्चित यह सड़क गाड़ियों को सीधे स्टेशन के अंदर प्रवेश करने की सुविधा देती है। बाहर खड़े होने की जगह कार-बाइक समेत अन्य वाहन लगभग उनके ट्रेन डिब्बों के पास ही उतर सकते हैं। ये रोड स्टेशन के प्लेटफार्म 8 और 9 के बीच स्थित है और खास बात तो ये है कि गाड़ियां वाहन फोरशोर रोड से दाखिल होती हैं तत्पश्चात् बकलैंड ब्रिज गेट से बाहर निकलती हैं। इससे ट्रैफिक व्यवस्था पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ता है और वाहन आराम से पास होते रहते हैं। 
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां से पूरा देश घूम सकते हैं; हर जगह के लिए मिलेगी ट्रेन

भारत की इकलौती ट्रेन, जिसमें खिड़की और दरवाजा ही नहीं होता है; बेशकीमती चीज लेकर करती है सफर