1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'दिल्ली में फ्लैट ढूंढ़ना स्टार्टअप से भी मुश्किल...' मकान मालिक से त्रस्त महिला ने शेयर किया अनुभव, वायरल हो रही पोस्ट

'दिल्ली में फ्लैट ढूंढ़ना स्टार्टअप से भी मुश्किल...' मकान मालिक से त्रस्त महिला ने शेयर किया अनुभव, वायरल हो रही पोस्ट

Viral Post : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक महिला उद्यमी की पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इस पोस्ट में महिला ने दिल्ली में फ्लैट ढूंढ़ने से जुड़ी चुनौतियों के बारे में बताया है।

woman entrepreneur terrific experience, finding flat in delhi, delhi ncr flat crisis, viral post, vi- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK फ्लैट की चाबी।

Viral Post : दिल्ली में फ्लैट या घर ढूंढ़ना अत्यधिक मुश्किल है क्योंकि यहाँ मांग की तुलना में आपूर्ति बहुत कम है। सीमित जमीन, आसमान छूती प्रॉपर्टी कीमतें, और कड़े निर्माण नियमों (अधिकतम 4 मंजिल) के कारण नए प्रोजेक्ट्स मिलना मुश्किल है। इसके अलावा, पुरानी इमारतों का खराब रखरखाव, कानूनी पचड़े, और बहुत अधिक ब्रोकरेज व ट्रांसफर शुल्क इसे एक बड़ी चुनौती बनाते हैं। इन्हीं चुनौतियों यूथोक्रैसी की संस्थापक नैमिषा को भी गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने एक्स पर अपनी परेशानी का खुलासा किया और कहा कि, 'असली चुनौती निजता, सुरक्षा और अनुचित परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों से निपटना है।' उन्होंने बताया कि दिल्ली में एक महिला उद्यमी के रूप में उनकी सबसे बड़ी चुनौती निवेश जुटाना या टीम का प्रबंधन करना नहीं, बल्कि घर ढूंढ़ना था।

एक्स पोस्ट वायरल 

इस पोस्ट को एक्स पर @SpeakNaimisha नामक हैंडल से शेयर किया गया है। पोस्ट में महिला उद्यमी के अनुसार दिल्ली में किराए का फ्लैट ढूंढ़ने की तुलना में कंपनी बनाना और टीम का नेतृत्व करना कहीं ज्यादा आसान था। उसने कहा कि कुछ मकान मालिक समझौते में ऐसी शर्तें जोड़ देते हैं जो उन्हें किसी भी समय उसके फ्लैट में प्रवेश करने की अनुमति देती हैं। वह यह भी कहती हैं कि किराए में अक्सर बिना पूर्व सूचना के बढ़ोतरी कर दी जाती है। इसके अलावा, जब वह खुद को एक स्टार्टअप संस्थापक के रूप में बताती हैं, तो कुछ मकान मालिक उनके चरित्र पर सवाल उठाते हैं। 

मकान मालिकों के व्यवहार पर भी भड़कीं उद्यमी

महिला उद्यमी के अनुसार, कई मकान मालिक किरायेदारों से अपेक्षा करते हैं कि वे उनकी व्यक्तिगत दिनचर्या के अनुरूप ढल जाएं और उनके लिए सुविधाजनक समय पर उपलब्ध रहें। वे लिखती हैं कि, 'वे आपसे हर समय घर पर रहने की उम्मीद करते हैं, उनके शेड्यूल के अनुसार, और एक अच्छे किराएदार की उनकी धारणा के अनुरूप रहने की उम्मीद करते हैं।' उन्होंने कहा, 'मैं 27 साल की हूं। मकान मालिक का बिना सूचना दिए मेरे घर में घुस जाना सिर्फ असुविधाजनक ही नहीं है, बल्कि यह मेरे मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है, और एक अकेली महिला होने के नाते, इससे मुझे असुरक्षित महसूस होता है।' 
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
भारत के अनोखे रेलवे स्टेशन, जिनका नाम लेने में ही शर्म आएगी; पढ़कर हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएंगे 

दुनिया का इकलौता देश, जहां काले हवाई जहाज उड़ते हैं; अजब-गजब रंग देख सोच में पड़ जाएंगे