1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'कुछ उपहार अनमोल होते हैं...' महिला ने डिलीवरी मैन को राखी बांधकर छुए पैर, Video देख दिल खुश हो जाएगा

'कुछ उपहार अनमोल होते हैं...' महिला ने डिलीवरी मैन को राखी बांधकर छुए पैर, Video देख दिल खुश हो जाएगा

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला ने घर आए डिलीवरी मैन को राखी बांधते हुए नजर आ रही है।

Rakshabandhan Cute Video, Rakshanbandhan Viral Video, Viral Video, Aaj Ka Viral Video  - India TV Hindi
Image Source : IG/@KAN.SHHHA महिला का वीडियो वायरल।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर वडोदरा की एक महिला और डिलीवरी पार्टनर के बीच हुई एक भावुक मुलाकात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। आकांक्षा सिंह ने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अनजान डिलीवरी युवक को राखी बांधी, उसके पैर छुए और आशीर्वाद लिया। जवाब में डिलीवरी पार्टनर ने 50 रुपये का शगुन दिया और मुस्कुराते हुए कहा, “अब बहन बोला है ना।” 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @kan.shhha नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में दिखता है कि डिलीवरी पार्टनर पार्सल लेकर घर पहुंचा। दरवाजा खुलते ही आकांक्षा ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने तुरंत फैसला किया कि इस रक्षाबंधन पर सिर्फ परिवार तक सीमित न रहकर किसी ऐसे व्यक्ति को राखी बांधें जो त्योहार के दिन भी काम कर रहा हो। उन्होंने डिलीवरी पार्टनर को चुना। राखी बांधने के बाद उन्होंने झुककर उसके पैर छुए और आशीर्वाद लिया।  

भावुक हो गया डिलीवरी पार्टनर 

डिलीवरी पार्टनर की प्रतिक्रिया ने सबको हैरान कर दिया। वह भावुक हो गया और मुस्कुराते हुए राखी स्वीकार कर ली। उसने QR कोड स्कैन करके पैसे ट्रांसफर करने की पेशकश की, लेकिन आकांक्षा और उनके साथियों ने मना कर दिया। तब उसने अपनी जेब से 50 रुपये का नोट निकाला और शगुन के तौर पर थमा दिया। महिला के बार-बार ‘रहने दीजिए’ कहने पर भी वह मुस्कुराते हुए बोला, “अब बहन बोला है ना।” जाते-जाते उसने कहा कि अब से अगर कोई काम हो तो याद करना, क्योंकि अब वह उनका भाई है। उसने यह भी कहा कि जब भाई माना है तो अपनी कमाई से 50 रुपये देना तो बनता है। 

महिला ने लिखा दिल छू लेने वाला कैप्शन 

आकांक्षा ने कैप्शन में लिखा, “कुछ उपहार अनमोल होते हैं, भले ही वे सिर्फ 50 रुपये के हों। ये 50 रुपये हमने नहीं लिए, यह एक याद, आशीर्वाद और प्यार-सम्मान की सबसे शुद्ध निशानी है, जो हमें कुछ मिनटों की मुलाकात में मिला।” उन्होंने बताया कि शुरुआत में थोड़ी झिझक महसूस हो रही थी क्योंकि अनजान व्यक्ति को राखी बांधना था, लेकिन उसकी गर्मजोशी भरी प्रतिक्रिया ने सबको छू लिया। 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच चुका है। वीडियो को अब तक 31 लाख से ज्यादा व्यूज और हजारों कमेंट्स आ चुके हैं। लोग डिलीवरी पार्टनर की भावुकता और बड़प्पन की तारीफ कर रहे हैं। किसी ने लिखा कि डिलीवरी जॉब में 30 रुपये कमाना भी मुश्किल होता है, फिर भी उसने 50 रुपये दिए, यह बहुत मायने रखता है। 
किसी ने कहा कि पैसे की राशि नहीं, बल्कि उसके चेहरे की खुशी और “कुछ भी काम हो तो याद कीजिए, भाई हुआ अब आपका” वाली लाइन दिल छू गई।   
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
Video : भाइयों ने अपनी बहन को दिया ₹50 लाख का ऐसा सरप्राइज, देखकर बेहद इमोशनल होने लगे यूजर्स