कोलकाता: दुर्गा पूजा से पहले पश्चिम बंगाल में खाद्य सुरक्षा को लेकर फूड डिपार्टमेंट और कोलकाता नगर निगम एक्शन में हैं। कोलकाता के टांगरा इलाके में मशहूर चाइनीज रेस्टोरेंट ‘बिग बॉस’ पर छापेमारी के दौरान करीब 500 किलो मछली और चिकन मीट बरामद किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बड़ी मात्रा में मछली और मीट फ्रीजर में रखा मिला, लेकिन उन पर कोई तारीख दर्ज नहीं थी। ऐसे में किसी तरह का जोखिम न लेते हुए इसे जब्त कर नष्ट कर दिया गया।
फ्रीजर में मिला बिना तारीख वाला मीट
अधिकारियों के मुताबिक, टांगरा स्थित बिग बॉस रेस्टोरेंट की जांच के दौरान फ्रीजर में बड़ी मात्रा में मछली और चिकन मिला। जांच में इन खाद्य पदार्थों पर इस्तेमाल या पैकिंग की तारीख दर्ज नहीं मिली। फूड डिपार्टमेंट और कोलकाता नगर निगम की टीम ने करीब 500 किलो मछली और चिकन जब्त किया। अधिकारियों ने बताया कि बिना तारीख वाले मीट को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं लिया गया। जब्त सामग्री को धापा भेजा गया और बाद में नष्ट कर दिया गया।
साल्टलेक में केक-पेस्ट्री की दुकान पर छापा
खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत साल्टलेक इलाके में ‘फ्रेंच लफ’ नाम की केक और पेस्ट्री की दुकान पर भी जांच की गई। फूड डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने दुकान से केक के सैंपल लिए हैं। इन सैंपल को आगे जांच और टेस्टिंग के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के मौसम को देखते हुए पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों में भी सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
दुर्गा पूजा से पहले आखिर क्यों बढ़ी चिंता?
बता दें कि पश्चिम बंगाल का सबसे बड़ा त्योहार दुर्गा पूजा करीब एक महीने दूर है। इस दौरान रेस्तरां और खाने-पीने की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या आम दिनों के मुकाबले काफी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उन्हें सुरक्षित तरीके से रखने को लेकर प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है। मौजूदा घटनाक्रम ने 2018 के शव-मांस कांड की याद भी ताजा कर दी है। उस मामले में आरोप लगा था कि कचरा फेंकने वाली जगहों से इकट्ठा किए गए मृत जानवरों के मांस को कोलकाता और आसपास के इलाकों के रेस्तरां में बेचा गया था।
1 से 8 सितंबर तक फूड सेफ्टी वीक
इन कार्रवाइयों के बीच मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 1 से 8 सितंबर तक राज्यव्यापी फूड सेफ्टी वीक की शुरुआत की है। अभियान की शुरुआत कोलकाता के प्रसिद्ध हॉग मार्केट यानी न्यू मार्केट इलाके से की गई। इस दौरान अधिकारी ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर जोर दिया। उन्होंने साफ किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार सख्त रुख अपनाएगी। बता दें कि यूपी में भी हाल में भारी मात्रा में नकली दूध जब्त किया गया था, और फैक्ट्री मालिक पर FIR की गई थी।
ये भी पढ़ें: नवी मुंबई में एक्सपायरी डेट से छेड़छाड़ का बड़ा खेल बेनकाब, FDA-पुलिस की कार्रवाई में 75 लाख का खाद्य स्टॉक जब्त