1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नकली दूध फैक्ट्री पर खाद्य विभाग का छापा, 14500 लीटर मिलावटी दूध जब्त, मालिक पर FIR

नकली दूध फैक्ट्री पर खाद्य विभाग का छापा, 14500 लीटर मिलावटी दूध जब्त, मालिक पर FIR

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 25, 2026 06:46 pm IST,  Updated : Aug 25, 2026 06:46 pm IST

त्योहारों से पहले मिलावटखोरों ने अपना काम शुरू कर दिया है। इस बीच खाद्य विभाग की टीम ने भी छापेमारी शुरू की है। इसी के तहत मुजफ्फरनगर ने एक्शन लिया गया है।

Food department team raided Muzaffarnagar- India TV Hindi
मुजफ्फरनगर में खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों के मद्देनजर मुजफ्फरनगर जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान अब तेज हो गया है। इसी के तहत में सोमवार देर रात विभाग की टीम ने बुढाना कोतवाली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नकली दूध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान करीब 14500 लीटर मिलावटी दूध जब्त किया गया है, साथ ही उसके मालिक पर FIR दर्ज की गई है।

बुढाना के अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर पर छापेमारी

खाद्य विभाग की टीम ने बुढाना के अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर पर छापेमारी की। मौके पर टीम को मिल्क पाउडर और कास्टिक केमिकल से नकली दूध बनाते हुए पाया गया। टीम ने घंटों तक चली इस छापेमारी में फैक्ट्री से भारी मात्रा में मिलावटी सामान बरामद किया है।

विभाग ने कुल 10 नमूने भी लिए, फैक्ट्री का संचालन बंद

कार्रवाई के दौरान टीम ने 14500 लीटर तैयार दूध, 235 किलो मिल्क पाउडर, 10 किलो घी, 70 किलो क्रीम, 10 किलो कास्टिक सोडा और 48 लीटर तरल केमिकल जब्त किया है। इसके अलावा मौके पर मिले 200 किलो मिल्क पाउडर के घोल को टीम ने वहीं नष्ट करा दिया। विभाग ने कुल 10 नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री का संचालन बंद करा दिया है और फैक्ट्री संचालक अकबर के खिलाफ बुढाना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताई पूरी बात

इस संबंध में जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों पर दूध और मावा की मांग बढ़ जाती है, इसलिए विभाग दूध और मावा पर विशेष फोकस कर रहा है। उन्होंने बताया कि बुढाना में अकबर चिलिंग मिल्क सेंटर पर कार्रवाई की गई है। यहां से हमने 10 सैंपल लिए हैं, जिसमें 5 दूध के, एक घी, एक क्रीम, एक एसएमपी और दो केमिकल के हैं। प्रतिष्ठान से दो केमिकल और एसएमपी प्राप्त हुआ है।

खाद्य के एक्शन से मिलावटखोरों में हड़कंप

अधिकारी ने बताया कि विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और जहां भी संदिग्ध या मिलावटी सामग्री मिलेगी, वहां त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

मुजफ्फरनगर से योगेश त्यागी ​की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

बच्चों को बहता देख नदी में कूद पड़ीं दो हथिनियां, तेज धारा में सभी बह गए; VIDEO आया सामने

FIR कराने के लिए फंदा डालकर रेलिंग पर बैठा युवक, 6 घंटे तक पुलिस करती रही समझाइश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।