1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी, बोले- "किसी बागी गुट को मान्यता न दी जाए"

अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी, बोले- "किसी बागी गुट को मान्यता न दी जाए"

अभिषेक बनर्जी ने लोकभा स्पीकर को चिट्ठी लिखकर मांग की है कि अगर कुछ सांसद अलग ग्रुप बनाने की मांग करते हैं, तो उन्हें कोई मान्यता न दी जाए।

Abhishek Banerjee- India TV Hindi
Image Source : PTI अभिषेक बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी  के किसी बागी गुट को कोई भी मान्यता नहीं देने की अपील की है। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने लोकभा स्पीकर को चिट्ठी लिखकर कहा है सदन में टीएमसी सिर्फ एक ही पार्टी है। अगर कुछ सांसद अलग ग्रुप बनाने की मांग करते हैं, तो उन्हें कोई मान्यता या सरकारी सुविधा न दी जाए।

उन्होंने लिखा है कि अगर कोई सांसद अलग होने के लिए पत्र देता भी है, तो उस पर कोई भी फैसला लेने से पहले टीएमसी पार्टी का पक्ष जरूर सुना जाए। अभिषेक बनर्जी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर कोई भी सांसद पार्टी के नियमों के खिलाफ जाता है, तो पार्टी उसके खिलाफ 'दलबदल विरोधी कानून' के तहत सख्त कार्रवाई करेगी और उनकी संसद सदस्यता रद्द कराने की मांग करेगी।

स्पीकर से मिले टीएमसी सांसद

वहीं, TMC सांसद सागरिका घोष ने कहा, "हमने स्पीकर को पत्र दिया है कि इस तरह से जो TMC को तोड़ना चाहते हैं, जो अलग से लोकसभा के अंदर एकजुट बनाना चाहते हैं। ये संविधान के बिल्कुल खिलाफ है। संविधान इसको बिल्कुल अनुमति नहीं देता है। ये कानून के विपरीत है।"

TMC सांसद कीर्ति आज़ाद ने कहा, "यह बिल्कुल साफ है। सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक बेंच ने कहा है और 10वीं अनुसूची के आर्टिकल 4 में भी इसका ज़िक्र है कि पार्टी में कोई विभाजन नहीं हो सकता। महाराष्ट्र में जो हुआ, वह गलत है इसलिए, हम इस मामले में एक अर्जी लेकर यहां आए हैं। हमने स्पीकर को अर्जी सौंप दी है। हमें पूरा भरोसा है कि स्पीकर नियमों के मुताबिक ही काम करेंगे, जैसा कि उन्होंने अब तक किया है।"

हमारे साथ 22 सांसद: काकोली घोष

इस बीच, TMC के बागी खेमे की कमान संभाल रहीं सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने रविवार को दावा किया दो और सांसद उनके बागी गुट में शामिल होने वाले हैं, जिससे लोकसभा में उनके सदस्यों की संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी। काकोली घोष दस्तीदार ने कहा, "हम मुलाकात के लिए दिल्ली जा रहे हैं। हमारे साथ 22 सांसद हैं। स्पीकर ने हमें समय दिया है। हम सोमवार को उनसे मिलेंगे और अलग गुट के रूप में मान्यता देने की गुजारिश करेंगे।"

ये भी पढ़ें-

नहीं रहे लालू यादव के 'कबाब मंत्री', पूर्व MLC अनवर अहमद का पटना में निधन

TMC के बागी खेमे में जुड़े 2 और नाम, काकोली घोष दस्तीदार का बड़ा दावा- "अब हमारे साथ 22 लोकसभा सांसद"