तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी को सोमवार को लोकसभा में संसदीय दल का नया नेता नामित किया। वह तृणमूल के वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय का स्थान लेंगे, जो कई महीनों से अस्वस्थ हैं। यह निर्णय संसद के दोनों सदनों के तृणमूल सांसदों की डिजिटल तरीके से आयोजित एक बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता पार्टी प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की।
तीन बार के सांसद अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं और उन्हें पार्टी में दूसरे नंबर के नेता के रूप में देखा जाता है। बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने पार्टी सांसदों से कहा, ‘‘सुदीप बंदोपाध्याय के पूरी तरह स्वस्थ होने तक अभिषेक बनर्जी लोकसभा में पार्टी का नेतृत्व करेंगे।’’
TMC में मची खलबली, लेकिन अभिषेक बनर्जी खुश
डायमंड हार्बर से तीन बार के सांसद अभिषेक बनर्जी कोलकाता उत्तर से सांसद एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय का स्थान लेंगे जो 2011 से इस पद पर थे। ममता बनर्जी ने यह भी घोषणा की कि काकोली घोष दस्तीदार निचले सदन में सांसदों के बीच दिन-प्रतिदिन के समन्वय की प्रभारी होंगी। श्रीरामपुर से सांसद कल्याण बनर्जी, जो पहले सदन में समन्वय प्रभारी थे, को भी उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। कल्याण बनर्जी ने पार्टी के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया है। यह कदम कुछ वरिष्ठ सांसदों के बीच आंतरिक मतभेद और मनमुटाव की सुगबुगाहट के बाद उठाया गया है।
कल्याण बनर्जी ने क्या कहा?
कल्याण बनर्जी ने कहा, ‘मैंने लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक का पद छोड़ दिया है, क्योंकि 'दीदी' (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी) ने ऑनलाइन बैठक के दौरान कहा था कि पार्टी सांसदों के बीच समन्वय की कमी है। इसलिए दोष मुझ पर है। इसलिए, मैंने पद छोड़ने का फैसला किया है।’
भावुक होते हुए बनर्जी ने कहा कि वह एक साथी सांसद द्वारा उनके अपमान पर पार्टी की चुप्पी से बहुत आहत हैं। उनका इशारा परोक्ष तौर पर मोइत्रा की ओर था। नब्बे के दशक से तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी के साथ रहे वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने कहा, 'दीदी कहती हैं कि लोकसभा सदस्य लड़ रहे हैं और झगड़ा कर रहे हैं। क्या मुझे उन लोगों को बर्दाश्त करना चाहिए जो मुझे अपशब्द कहते हैं? मैंने पार्टी को सूचित किया, लेकिन मेरा अपमान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, वे मुझे ही दोषी ठहरा रहे हैं। ममता बनर्जी जिस तरीके से चाहें पार्टी को चलायें।’
शुभेंदु अधिकारी ने साधा निशाना
वहीं, लोकसभा में कल्याण बनर्जी की जगह टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को पार्टी का मुख्य सचेतक बनाए जाने पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "कल्याण बनर्जी एक राजनीतिक व्यक्ति हैं, एक शिक्षित व्यक्ति हैं। उनकी भाषा अलग हो सकती है, लेकिन उनकी तुलना पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे (अभिषेक बनर्जी का जिक्र करते हुए) से करना सही नहीं है। अभिषेक बनर्जी की एकमात्र पहचान यही है कि वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के भतीजे हैं।"