1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'शेर हो या चूहा, सबके पाप का विचार होगा', अभिषेक बनर्जी पर अग्निमित्रा पॉल ने साधा निशाना; कोयल मलिक को लेकर भी दिया बयान

'शेर हो या चूहा, सबके पाप का विचार होगा', अभिषेक बनर्जी पर अग्निमित्रा पॉल ने साधा निशाना; कोयल मलिक को लेकर भी दिया बयान

पश्चिम बंगाल में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी पर निशाना साधा है। ममता बनर्जी के द्वारा अभिषेक बनर्जी को शेर कहे जाने पर उन्होंने कहा कि अगर वह शेर हैं तो उनकी जगह समाज में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी पाप किए हैं, सबका विचार होगा।

अग्निमित्रा पॉल।- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE अग्निमित्रा पॉल।

आसनसोल: पश्चिम बंगाल की शहरी विकास एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े कई मामलों पर अपनी राय रखी। इस दौरान उन्होंने अभिनेत्री कोयल मलिक के तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफे पर भी बयान दिया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के "शेर" वाले बयान और कोलकाता एयरपोर्ट परिसर में स्थित मस्जिद हटाने के विरोध को लेकर पूर्व मंत्री सिद्दीकुल्लाह चौधरी की चेतावनी पर तीखी प्रतिक्रिया भी दी।

कोयल मलिक के इस्तीफे पर क्या बोलीं?

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि कोयल मलिक को राजनीति और फिल्मी करियर के बीच स्पष्ट फैसला करना चाहिए था। उनका आरोप था कि कुछ लोग एक साथ सिनेमा, अपने पेशे और राजनीति—तीनों में पैर रखकर सुविधाएं हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर जनता की सेवा करनी थी तो तृणमूल में रहते हुए भी की जा सकती थी। उनके मुताबिक, बंगाल की जनता ऐसे "अवसरवादी" रवैये को पसंद नहीं करती, जो परिस्थितियों के हिसाब से अपना पक्ष बदलते हैं।

'शेर' वाले बयान पर निशाना

ममता बनर्जी द्वारा अभिषेक बनर्जी को "शेर" बताए जाने के सवाल पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि "शेर का स्थान जंगल या पिंजरा होता है, समाज में नहीं।" उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल ने पहले बीरभूम के नेता अनुब्रत मंडल को "शेर" बनाया और अब अभिषेक बनर्जी को उसी तरह पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून के सामने सभी बराबर हैं और जिसने भी कोई अपराध किया है, उसे जवाब देना होगा। जो पाप आपने किया है, उसका विचार होगा, चाहे वह "शेर" हो या चूहा।

एयरपोर्ट मस्जिद विवाद पर प्रतिक्रिया

कोलकाता एयरपोर्ट परिसर के भीतर स्थित मस्जिद हटाने के फैसले का विरोध कर रहे पूर्व मंत्री सिद्दीकुल्लाह चौधरी पर भी अग्निमित्रा पॉल ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद बंगाल के मुसलमानों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं हुआ है। उनका दावा था कि तृणमूल कांग्रेस ने मुसलमानों के बीच यह डर फैलाया था कि भाजपा सरकार आने पर नमाज पर रोक लगेगी और अत्याचार होगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" की नीति पर काम कर रही है। विकास का लाभ सभी नागरिकों— हिंदू, मुसलमान, ईसाई, जैन और बौद्ध को समान रूप से मिलेगा।

एयरपोर्ट विस्तार का किया समर्थन

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि कोलकाता एयरपोर्ट के विस्तार और नई एयरस्ट्रिप का निर्माण राज्य के विकास के लिए जरूरी है। उनके मुताबिक, आधुनिक और बड़ा एयरपोर्ट बनने से सभी समुदायों को फायदा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सिद्दीकुल्लाह चौधरी और तृणमूल के कुछ नेता विकास के बजाय धार्मिक राजनीति कर रहे हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि वक्फ कानून को लेकर भी लोगों में भ्रम फैलाया गया था, लेकिन समय के साथ मुसलमान समाज को वास्तविक स्थिति समझ में आ गई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार किसी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं करती और सभी नागरिकों के विकास के लिए समान रूप से काम कर रही है। (इनपुट- बिज्जू मंडल)

यह भी पढ़ें-

रेलवे ने रचा इतिहास! देश को मिली पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन, पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना