टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कोयल मल्लिक के इस्तीफे के बाद कहा है कि जिसे जहां जाना है, 21 जुलाई से पहले बोरिया बिस्तर लेकर चला जाए। ममता ने बताया कि कोयल ने ई-मेल करके पहले ही अपने इस्तीफे की जानकारी दे दी थी। उन्होंने कहा कि बीजेपी, ईडी और सीबीआई के दबाव में जो जहां जाना चाहता है चला जाए। ममता ने अपने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा है कि उन्होंने जो पार्टी बनाई है, उसे कलंकित न करें।
2026 विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में भगदड़ मची हुई है। पार्टी के कई राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे चुके हैं। अधिकतर नेताओं ने टीएमसी छोड़ने के बाद बीजेपी का हाथ थामा है। वहीं, टीएमसी के नवनिर्वाचित विधायकों का एक गुट बगावत कर चुका है। ऋतब्रत बनर्जी की अगुआई में इन विधायकों ने अपना अलग नेता चुन लिया है। इन नेताओं ने अभिषेक बनर्जी पर कई आरोप लगाए हैं।
अभिषेक के समर्थन में ममता
टीएमसी में भले ही बड़े पैमाने पर अभिषेक बनर्जी का विरोध हो रहा है, लेकिन ममता बनर्जी ने उनका समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी शेर की तरह लड़ रहे हैं। ममता ने कहा कि उन्होंने 2006 में यह पार्टी खड़ी की थी और 2026 में भी कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग उनके साथ रहेंगे, वह उनके लिए सोने के जैसे हैं। ममता ने यह भी बताया कि कोयल ने मेल करके बताया था कि उनके परिवार के सभी लोगों को समन किया गया है। इसी से वह समझ गई थीं कि कोयल पार्टी छोड़ने वाली हैं। इस वजह से उन्होंने कोयल को सभी पदों से हटा दिया था।
भूपेंद्र यादव से मिलीं कोयल
तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद और टॉलीवुड की लोकप्रिय एक्ट्रेस कोयल मल्लिक ने अपने पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि कोयल भी बीजेपी में शामिल हो सकती हैं। कोयल मल्लिक उर्फ रुक्मिणी मल्लिक 16 मार्च को टीएमसी की तरफ से राज्यसभा सांसद बनी थीं। 6 अप्रैल 2026 को उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। वहीं, 16 जुलाई को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह राज्यसभा के किसी भी सत्र में शामिल नहीं हुईं।
यह भी पढ़ें-
"मैं तब तक जिंदा रहूंगी, जब तक आपका अंत न देख लूं", एज-शेमिंग को लेकर BJP पर भड़कीं ममता बनर्जी
मदन मित्रा ने बताया क्यों छोड़ा ममता बनर्जी का साथ? बागी गुट में शामिल होने के बाद गिनाए कई कारण