1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. गाइघाटा में खौफनाक वारदात, 11वीं की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप; एक हिरासत में

गाइघाटा में खौफनाक वारदात, 11वीं की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप; एक हिरासत में

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: India TV West Bengal Bureau Desk
 Published : Oct 25, 2026 07:27 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 07:27 pm IST

उत्तर 24 परगना के गाइघाटा में 11वीं की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोप से हड़कंप। रविवार सुबह पड़ोसी के घर के पास मिला शव। पुलिस ने एक रिश्तेदार को हिरासत में लिया। पढ़ें पूरी खबर।

Bengal News- India TV Hindi
गाइघाटा में 11वीं की छात्रा की दुष्कर्म हत्या Image Source : MAGNIFIC

गाइघाटा / बनगांव: उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 11वीं कक्षा की एक छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। रविवार की सुबह पड़ोसी के घर के बाथरूम के पास से किशोरी का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद किया गया, जिसके बाद से पूरे इलाके में हड़कंप और भारी तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही गाइघाटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

विजया सम्मिलनी कार्यक्रम के बाद से थी लापता

परिजनों के अनुसार, शनिवार की रात छात्रा अपने परिवार के साथ गाइघाटा बाजार में आयोजित 'विजया सम्मिलनी' के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। रात लगभग 11:30 बजे उसके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसके बाद वह कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गई। रास्ते में उसकी मामी ने उसे देखा और तुरंत घर लौटने की सलाह दी। हालांकि, छात्रा ने अपनी सहेली के साथ थोड़ी देर में वापस आने की बात कही और वहां से चली गई। इसके बाद से ही उसका कोई अतापता नहीं चला और परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे।

स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, सख्त सजा की मांग

रविवार सुबह जब किशोरी का शव पड़ोसी के परिसर से मिला, तो स्थानीय लोग उग्र हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि छात्रा के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। स्थानीय निवासियों ने बंगाल पुलिस प्रशासन से दोषियों को चिन्हित कर सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

पुलिस का बयान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिदिशा कलिता दासगुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल एक रिश्तेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स भी खंगाले जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें-

कोलकाता एयरपोर्ट पर हड़कंप, फुकेत से आई फ्लाइट के टॉयलेट के शीशे पर लिखा मिला "विमान में बम है"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।