1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता एयरपोर्ट पर हड़कंप, फुकेत से आई फ्लाइट के टॉयलेट के शीशे पर लिखा मिला "विमान में बम है"

कोलकाता एयरपोर्ट पर हड़कंप, फुकेत से आई फ्लाइट के टॉयलेट के शीशे पर लिखा मिला "विमान में बम है"

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 24, 2026 05:18 pm IST,  Updated : Oct 24, 2026 05:38 pm IST

कोलकाता एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब फुकेत से आई फ्लाइट के टॉयलेट के शीशे पर विमान में बम होने की बात लिखी हुई मिली।

bomb- India TV Hindi
कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अंदर बम की धमकी लिखी मिली Image Source : PTI/FILE

कोलकाता: कोलकाता एयरपोर्ट पर फिर बम की अफवाह की बात सामने आई है।  फुकेत से आई फ्लाइट के टॉयलेट के शीशे पर लिखा मिला "विमान में बम है।" एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, आज फुकेत से कोलकाता आई एक फ्लाइट के लैंड करने के बाद केबिन क्रू जब विमान का टॉयलेट साफ करने गए तो वे दहशत में आ गए। टॉयलेट के शीशे पर लिखा था "Bomb inside aircraft" यानी विमान के अंदर बम रखा है।

क्या है पूरा मामला?

बम की लिखावट की जानकारी फौरन पायलट और एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों को दी गई। कुछ ही देर में विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारकर CISF, बम स्क्वॉड और एयरपोर्ट पुलिस ने तलाशी शुरू की।

हालांकि, लंबी तलाशी के बाद भी विमान के अंदर से कोई संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई। शुरुआती तौर पर अंदेशा है कि किसी ने दहशत फैलाने के लिए ही यह हरकत की है। यह नोट किसने लिखा, इसका पता लगाने के लिए पुलिस फ्लाइट की यात्री सूची और CCTV फुटेज खंगाल रही है।

8 अक्टूबर को भी सामने आई थी बम की धमकी

बीते 8 अक्टूबर को भी कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ये धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई थी, जिसमें एयरपोर्ट परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया था और कहा गया था कि पूरे एयरपोर्ट को उड़ा देंगे। एयरपोर्ट प्रशासन को दोपहर करीब 2 बजे ये धमकी भरा ईमेल मिला था। इस धमकी के बाद हड़कंप मच गया और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्थाओं को सख्त किया गया था। इसके बाद मौके पर सघन जांच कार्यक्रम चलाया गया था।

ये पहली बार नहीं है, जब कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है। इसी साल 5 सितंबर को ये खबर सामने आई थी कि कोलकाता एयरपोर्ट पर एक विमान में बम होने का नोट मिला। तब भी एयरपोर्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया था लेकिन बम नहीं मिला था।

इसका सीधा सा मतलब ये है कि बम की धमकियां केवल सुरक्षाबलों और व्यवस्थाओं में व्यवधान के लिए दी जा रही थीं। बम की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें-

कोलकाता मेट्रो के कोच में उठा धुआं, एयरपोर्ट पर फ्लाइट में बम की मिली धमकी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।