1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई एयरपोर्ट मस्जिद विवाद मामले में एक्शन, किरीट सोमैया को पुलिस ने हिरासत में लिया

मुंबई एयरपोर्ट मस्जिद विवाद मामले में एक्शन, किरीट सोमैया को पुलिस ने हिरासत में लिया

 Reported By: Sachin Chaudhary,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 24, 2026 04:38 pm IST,  Updated : Oct 24, 2026 05:05 pm IST

किरीट सोमैया समेत कई बीजेपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दो दिन पहले चेतावनी देने के बाद सोमैया आज कार्यकर्ताओं के साथ हथौड़ा लेकर पहुंचे थे। वह मुंबई एयरपोर्ट के पास की मस्जिद पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

किरीट सोमैया ने मुंबई...- India TV Hindi
किरीट सोमैया ने मुंबई में एक मस्जिद के अवैध होने का दावा किया है। Image Source : PTI (फाइल फोटो)

बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने आज (शनिवार को) मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के T2 टर्मिनल के पास स्थित मस्जिद को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बीजेपी कार्यकर्ता हाथ में हथौड़ा लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इसके बाद, किरीट सोमैया और बीजेपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई होकर रहेगी- सोमैया

किरीट सोमैया ने दावा किया कि मस्जिद अवैध है और इस मामले में झूठ बोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी कोर्ट नहीं गया है और MMRDA समेत सभी संबंधित अथॉरिटीज ने इसे अवैध घोषित किया है। सोमैया ने कहा कि मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई होकर रहेगी और इसे तोड़ा जाएगा। किरीट सोमैया ने उद्धव ठाकरे, AIMIM, वारिस पठान, शरद पवार और कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये सभी मस्जिद को बचाने का काम करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि एक दिन ये लोग यहां हरा झंडा लेकर भी आएंगे।

सोमैया ने हथौड़ा लेकर आने की दी थी चेतावनी

गौरतलब है कि बीते 22 अक्टूबर को किरीट सोमैया ने चेतावनी दी थी कि अगर 48 घंटे में मस्जिद पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह खुद हथौड़ा लेकर आएंगे। इतना ही नहीं, किरीट सोमैया ने मस्जिद के गेट पर धरना भी दिया था। तब किरीट सोमैया ने कहा था कि 2014 से पहले इस मस्जिद का नामोनिशान नहीं था। कुछ लोगों ने अचानक बेशकीमती 5 हजार स्क्वॉयर फीट जमीन पर कब्जा जमा लिया और टिन शेड लगाकर मस्जिद बना दी। इतना ही नहीं पानी और बिजली के अस्थाई कनेक्शन भी ले लिए।

मस्जिद नहीं गिरी तो कब्जा स्थाई हो जाएगा- सोमैया

किरीट सोमैया ने दावा किया था कि अगर ये मस्जिद नहीं गिरी तो यहां अवैध कब्जा स्थाई हो जाएगा। इसलिए इस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस अवैध कब्जे की शिकायत मुंबई पुलिस, MMRDA और BMC से की है। अगर इस पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, बुलडोजर नहीं चला तो वह खुद इस मस्जिद को गिराने के लिए मैदान में उतरेंगे। किरीट सोमैया ने आज कुछ ऐसा ही किया तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उधर, AIMIM नेता वारिस पठान ने बीते शुक्रवार को मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से मुलाकात की थी और किरीट सोमैया के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी। वारिस पठान ने सवाल उठाया कि जब मामला अदालत में विचाराधीन है, तो किरीट सोमैया को इस तरह आंदोलन करने का अधिकार किसने दिया?

कांग्रेस ने की सोमैया के खिलाफ कार्रवाई की मांग

वहीं, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भी किरीट सोमैया और बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की नौटंकी करना किरीट सोमैया का काम है। सपकाल ने कहा कि सोमैया हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करते हुए समाज में ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार का उन्हें पूरा समर्थन हासिल है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि सरकार को समर्थन देने के बजाय किरीट सोमैया के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

हाईकोर्ट में केस पेंडिंग होने की बात कह रहा मुस्लिम पक्ष

बहरहाल, इस पूरे मामले में दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। मुस्लिम पक्ष का कहना है कि मामला हाईकोर्ट और MMRDA के पास लंबित है, जबकि किरीट सोमैया और हिंदूवादी संगठनों का दावा है कि अदालत में कोई मामला लंबित नहीं है और संबंधित प्रशासनिक प्राधिकरण ने भी इस ढांचे को अवैध माना है। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और मस्जिद को लेकर जारी विवाद पर आगे क्या कार्रवाई होती है।

ये भी पढ़ें- शरद पवार पर किरीट सोमैया का बड़ा हमला, पूछा- तब कर्तव्यों की याद क्यों नहीं आई?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।