1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. जॉर्डन के चर्च पर हमले से दुखी हुए जयशंकर, भारत ने कहा-'आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी'

जॉर्डन के चर्च पर हमले से दुखी हुए जयशंकर, भारत ने कहा-'आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी'

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 24, 2026 04:44 pm IST,  Updated : Oct 24, 2026 04:44 pm IST

जॉर्डन के कराक शहर में चर्च पर अंतिम संस्कार के दौरान हुए गोलीबारी हमले में 7 लोगों की मौत और 34 घायल हो गए। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दुख जताते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Jordan Church Attack, S Jaishankar, India Condemns Terrorism- India TV Hindi
विदेश मंत्री एस. जयशंकर। Image Source : PTI

Highlights

  • जॉर्डन के कराक में चर्च पर हमले में 7 लोगों की मौत हुई जबकि 34 अन्य घायल हुए।
  • भारत ने हमले की कड़ी निंदा कर आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
  • जॉर्डन के राजा, कनाडाई प्रधानमंत्री और संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने भी हमले पर दुख जताया।

नई दिल्ली: जॉर्डन के कराक शहर में एक चर्च पर हुए जानलेवा हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। शुक्रवार को हुए इस हमले में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल हो गए। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस घटना को ‘घिनौना’ और ‘कायरतापूर्ण’ कृत्य बताया। मंत्रालय ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह इस मुश्किल घड़ी में जॉर्डन के साथ खड़ा है।

भारत ने कहा, 'आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी'

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि भारत 23 अक्टूबर 2026 को जॉर्डन के कराक में एक चर्च पर हुए घिनौने हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता है। इस हमले में कई निर्दोष लोगों की जान चली गई और अनेक लोग घायल हुए। मंत्रालय ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। भारत ने कहा कि वह इस कठिन समय में जॉर्डन की सरकार और वहां के मित्रवत लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। साथ ही, भारत ने दुनिया भर में आतंकवाद के हर रूप और तरीके के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्री जयशंकर ने भी जताया दुख

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी जॉर्डन में हुए इस हमले पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कराक के चर्च पर हुए घिनौने हमले से वह बेहद दुखी हैं। इस घटना में कई निर्दोष लोगों की जान गई और अनेक लोग घायल हुए। जयशंकर ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में जॉर्डन की सरकार और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आतंकवाद के सभी रूपों और तरीकों के खिलाफ भारत की मजबूत प्रतिबद्धता भी दोहराई।

अंतिम संस्कार के दौरान चर्च में हुई गोलीबारी

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्डन के कराक इलाके में एक चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान बंदूकधारियों ने गोलीबारी की। यह हमला हमूद गांव में स्थित ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में हुआ। हमले में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। धार्मिक स्थल पर अंतिम संस्कार के लिए जुटे लोगों को निशाना बनाए जाने से इलाके में शोक का माहौल है। इस घटना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा की गई है। कई देशों के नेताओं और संयुक्त राष्ट्र ने हमले पर दुख जताते हुए निर्दोष नागरिकों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर जोर दिया है।

जॉर्डन के राजा बोले, 'हमलावरों को मिलेगा कड़ा जवाब'

जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय बिन हुसैन ने हमले पर दुख जताते हुए कहा कि कराक पर हमला करने वालों को सबसे कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग गोलियों के जरिए जॉर्डन के लोगों को बांटने का सपना देखते हैं, वे उनकी एकता के सामने सफल नहीं होंगे। राजा ने कहा,

'देश के उत्तर से दक्षिण तक सभी जॉर्डनवासी एक ही जमीन और साझा भविष्य से जुड़े हैं। उनके बीच कोई विभाजन नहीं है।'

राजा ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने कहा कि हर जॉर्डनवासी की जिंदगी कीमती है और देश को धमकी देने वालों के खिलाफ लोहे की मुट्ठी से कार्रवाई की जाएगी। (ANI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: अमेरिका के साल्ट लेक सिटी में चर्च के पार्किंग लॉट में चली गोलियां, 2 की मौत; घायल हुए 6 लोग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।