1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता मेट्रो के कोच में उठा धुआं, एयरपोर्ट पर फ्लाइट में बम की मिली धमकी

कोलकाता मेट्रो के कोच में उठा धुआं, एयरपोर्ट पर फ्लाइट में बम की मिली धमकी

 Written By: Amar Deep
 Published : Sep 05, 2026 11:15 am IST,  Updated : Sep 05, 2026 11:15 am IST

कोलकाता मेट्रो के एक कोच में धुआं उठने का मामला सामने आया। घटना के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया और धुएं पर काबू पा लिया गया। वहीं दूसरी तरफ एयरपोर्ट पर एक विमान में बम की धमकी वाला नोट मिला। हालांकि जांच में कुछ भी नहीं मिला।

सभी यात्री सुरक्षित।- India TV Hindi
सभी यात्री सुरक्षित। Image Source : PTI/FILE

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार को मेट्रो और फ्लाइट से हैरान कर देने वाली दो घटनाएं सामने आईं। एक तरफ जहां कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर एक कोच से धुआं उठने की जानकारी मिली, तो वहीं दूसरी तरफ कोलकाता एयरपोर्ट पर एक विमान में बम होने का नोट मिला। जानकारी के मुताबिक दोनों की घटनाओं की सूचना मिलते ही मेट्रो और विमान से यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। मेट्रो अधिकारियों ने आग पर काबू पा लिया, जबकि दूसरी तरफ विमान की जांच में कोई भी बम नहीं मिला। इसके बाद सेवाओं को दोबारा शुरू किया गया।

ब्लू लाइन मेट्रो पर कोच में उठा धुआं

दरअसल, शुक्रवार को कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर ट्रेन के डिब्बे में धुआं उठता देखा गया। यह घटना शाम करीब 4 जबकर 10 बजे हुई। ब्लू लाइन पर दक्षिणेश्वर जाने वाली ट्रेन बेलगाछिया स्टेशन पर खड़ी थी, इसी दौरान एक कोच से धुआं उठता देखा गया। मेट्रो के एक प्रवक्ता ने बताया कि ट्रेन के कोच से धुआं उठने की सूचना मिलते ही सभी यात्रियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने कहा, "धुआं कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म क्षेत्र में फैल गया था, लेकिन कर्मचारियों ने स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया।" उन्होंने आगे कहा, "इस घटना में किसी के घायल होने, हताहत होने या अफरा-तफरी मचने की कोई सूचना नहीं है। प्रभावित ट्रेन के डिब्बे को जांच के लिए कार शेड ले जाया गया, जबकि उसमें सवार यात्रियों ने अगली ट्रेन से अपनी यात्रा दोबारा शुरू की।"

विमान में बम लिखा नोट मिला

वहीं दूसरी तरफ शुक्रवार शाम को कोलकाता एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट में बम की धमकी वाला नोट मिला। यह विमान कोलकाता से गोरखपुर जाने वाला था। अधिकारियों ने बताया कि यह नोट प्लेन के वॉशरूम में रखे टॉयलेट पेपर रोल के अंदर एक टिश्यू पेपर पर लिखा हुआ था। एयरपोर्ट के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "सभी यात्रियों को तुरंत प्लेन से नीचे उतारा गया। सुरक्षा जांच के तहत CISF के जवानों, बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों ने प्लेन की अच्छी तरह तलाशी ली। कोई भी संदिग्ध चीज़ नहीं मिली।" जांच पूरी होने के बाद विमान को रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर गोरखपुर के लिए रवाना किया गया। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस फोर्स के बीच हुआ ध्वस्तीकरण

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।