1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. AI से अश्लील फोटो बनाकर मृत बच्चे की मां को धमकी, हुगली से पकड़ा गया शातिर आरोपी

AI से अश्लील फोटो बनाकर मृत बच्चे की मां को धमकी, हुगली से पकड़ा गया शातिर आरोपी

बच्चे की मौत के बाद उसकी मां को कथित तौर पर AI तकनीक का इस्तेमाल कर विकृत और अश्लील तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

AI से अश्लील फोटो बनाकर मृत बच्चे की मां को धमकी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT AI से अश्लील फोटो बनाकर मृत बच्चे की मां को धमकी

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग और साइबर अपराध का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पूर्व बर्धमान में एक मृत बच्चे की मां को एक शख्स ने AI के जरिए उसकी अश्लील तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच के आधार पर हुगली जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अब मामले में आगे की जांच जारी है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 2 सितंबर को उस समय शुरू हुआ जब पश्चिम बंगाल के बर्दवान के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मां ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गलत लापरवाही का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद से ही पीड़िता मानसिक रूप से बेहद आहत चल रही थी। उसी दौरान ही पीड़िता को एक अनजान नंबर से फोन पर धमकियां मिलनी शुरू हो गई। आरोपी ने महिला पर दबाव बनाने और उसे डराने के लिए कहा कि वह AI का इस्तेमाल करके उसकी विकृत और नग्न तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इस धमकी के बाद से महिला और उसका परिवार काफी तनाव में आ गया। इसके बाद महिला ने पुलिस को ये सारी बात बताई।

पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी

परेशान होकर महिला ने 17 सितंबर को मंतेश्वर थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू कर दी। फोन कॉल और लोकेशन को ट्रेस करते हुए पुलिस की टीम हुगली के हरिपाल थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव पहुंची जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का नाम आसादुल मल्लिक बताया जा रहा है।

आरोपी की अदालत में पेशी 

गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को मंतेश्वर थाना पुलिस ने कालना महकमा अदालत में पेश किया। अब पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में नर्सिंग होम से जुड़ा कोई व्यक्ति भी शामिल था या आरोपी ने व्यक्तिगत रंजिश के चलते यह कदम उठाया।

(पूर्व बर्दवान से बिज्जू मंडल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

निमचा कोलियरी में BMS और HMS के बीच विवाद, धक्का-मुक्की से हाथापाई तक पहुंचा मामला, मौके पर पहुंची पुलिस