1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बर्धमान में फेक करेंसी का खेल! एक लाख के नकली नोटों के साथ दंपति समेत 3 गिरफ्तार, सीरियल नंबर से खुला राज

बर्धमान में फेक करेंसी का खेल! एक लाख के नकली नोटों के साथ दंपति समेत 3 गिरफ्तार, सीरियल नंबर से खुला राज

बर्धमान शहर के बाजेप्रतापपुर इलाके में जाली नोटों की बरामदगी से सनसनी फैल गई। यहां 1 लाख रुपये के जाली नोटों के साथ दंपति समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

fake currency case, Bardhaman- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बर्धमान जाली नोट मामला

दुर्गापूजा से पहले पश्चिम बंगाल के बर्धमान में जाली नोटों के खुलासे से हड़कंप मच गया, जहां कार चालक की सतर्कता से एक लाख रुपये के नकली नोटों के साथ दंपति समेत तीन लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। सोमवार रात पुलिस ने एक चारपहिया वाहन से तीन लोगों को पकड़ा। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने एक बैग से 500 रुपए के 200 नकली नोट बरामद किए, जिनकी कुल कीमत एक लाख रुपए बताई गई है। अब पुलिसा यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जाली नोट कहां से आए और क्या इसके पीछे किसी गिरोह का हाथ है। जानिए क्या है पूरा मामला। 

बाजेप्रतापपुर में जाली नोटों का खेल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख लालान, उसकी पत्नी जास्मिन बीबी और तोतन शेख के रूप में हुई है। शेख लालान का घर बाजेप्रतापपुर के आलूडांगा मैदानपाड़ा इलाके में है, जबकि तोतन शेख बाजेप्रतापपुर के मालीर बागान इलाके का निवासी बताया गया है। तीनों बर्धमान थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

कार चालक को हुआ शक, दिखाई सतर्कता

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक महिला और एक पुरुष ने बोलगना में अपने एक रिश्तेदार के घर से बर्धमान आने के लिए 2,000 रुपये में मारुति कार किराये पर ली थी। रास्ते में बाजेप्रतापपुर इलाके से एक अन्य व्यक्ति को भी गाड़ी में बैठाया गया। इसके बाद किराया चुकाने के लिए चालक को 500 रुपये के चार नोट दिए गए। चालक ने जब नोटों के सीरियल नंबर देखे, तो उसे संदेह हुआ, क्योंकि चारों नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे थे। इसके बाद उसने फोन कर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के हत्थे चढ़े 3 लोग

सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाजेप्रतापपुर इलाके में ही वाहन को रोक लिया और उसमें सवार दो पुरुषों तथा एक महिला को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान बैग से 500 रुपये के तीन बंडलों में कुल 200 जाली नोट बरामद हुए।

बेटे के इलाज के लिए पैसे लेने का दावा

आरोपी जास्मिन बीबी ने दावा किया कि उनके बेटे को ब्रेन कैंसर है और उसके इलाज के खर्च के लिए उन्हें पैसों की जरूरत थी। उनके अनुसार, उन्होंने एक चाय की दुकान पर परिचित एक अज्ञात व्यक्ति से ब्याज पर पैसे मांगे थे। आरोप है कि 10 हजार रुपये देने के बदले उन्हें 1 लाख 5 हजार रुपये दिए गए। जास्मिन का दावा है कि पैसे देने वाले व्यक्ति ने बैंक की मुहर और स्टिकर दिखाकर नोटों को असली बताया था। उनका कहना है कि उन्हें नोटों के नकली होने की जानकारी नहीं थी और बाद में पुलिस से उन्हें इस बारे में पता चला।

फिलहाल, बर्धमान थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जाली नोट कहां से लाए गए थे और इस मामले में किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता है या नहीं।

(इनपुट- बीजू मंडल)

ये भी पढ़ेंः Blue Dart ऑफिस से 2 लाख और CCTV की हार्ड डिस्क उड़ा ले गए चोर, अन्य दुकानों को भी बनाया निशाना