पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी जिले में बीजेपी डेलिगेशन पर हमला हुआ है। हमले में बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बता दें कि बीजेपी की टीम बाढ़ प्रभावित इलाके में दौरे पर गई थी। बीजेपी के विधायक शंकर घोष भी शामिल थे। बीजेपी के ये दोनों नेता जलपाईगुड़ी में बाढ़ के बाद हालात का जायजा लेने गए थे। शंकर घोष ने आरोप लगाया कि राहत सामग्री वितरित करते समय उत्तर बंगाल के नागराकाटा में उन पर और मालदा उत्तर के सांसद खगेन मुर्मू पर हमला किया गया।
PM मोदी ने की हमले की निंदा
पश्चिम बंगाल में हुई इस घटना की पीएम मोदी ने निंदा की है। उन्होंने X पर लिखा- "जिस तरह से पश्चिम बंगाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों की सेवा करने के लिए एक मौजूदा सांसद और विधायक सहित हमारी पार्टी के सहयोगियों पर हमला किया गया, वह बिल्कुल भयावह है। यह टीएमसी की असंवेदनशीलता के साथ-साथ राज्य में बिल्कुल दयनीय कानून व्यवस्था की स्थिति को उजागर करता है। काश पश्चिम बंगाल सरकार और टीएमसी ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति में हिंसा में शामिल होने के बजाय लोगों की मदद करने पर अधिक ध्यान केंद्रित करती। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच काम करना जारी रखने और चल रहे बचाव कार्यों में सहायता करने का आह्वान करता हूं।"
अमित मालवीय ने TMC पर लगाया आरोप
बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने X पर एक पोस्ट में लिखा है, ''बंगाल में टीएमसी का जंगलराज!उत्तरी मालदा से दो बार सांसद रहे और एक सम्मानित आदिवासी नेता, भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर टीएमसी के गुंडों ने उस समय हमला किया जब वे जलपाईगुड़ी के दुआर्स क्षेत्र के नागराकाटा में विनाशकारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्यों में मदद करने जा रहे थे।''
'यह TMC का बंगाल है, जहां क्रूरता का बोलबाला है'
उन्होंने आगे लिखा है, ''जब ममता बनर्जी अपने कोलकाता कार्निवल में नाच रही थीं, तब टीएमसी और राज्य प्रशासन गायब था। जो लोग वास्तव में लोगों की मदद कर रहे थे, भाजपा नेता और कार्यकर्ता, उन पर राहत कार्य करने के लिए हमला किया जा रहा है। यह टीएमसी का बंगाल है, जहां क्रूरता का बोलबाला है और दया की सजा।''
यह भी पढ़ें-
दार्जिलिंग: भारी बारिश और भूस्खलन में मृतकों की संख्या 23 हुई, ममता आज करेंगी प्रभावित इलाके का दौरा
दार्जिलिंग: भारी बारिश से लैंड स्लाइड, 20 मौतें, हेल्पलाइन नंबर जारी, पीएम मोदी ने जताया दुख