पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है। इसे लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के लिए अपने प्रत्याशियों की पांचवीं लिस्ट भी जारी कर दी है। बीजेपी की इस लिस्ट में पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। इसके साथ ही बीजेपी ने अब पश्चिम बंगाल में 294 में 292 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सत्ता से बेदखल करने की उम्मीद में चुनाव लड़ रही है।
पांचवीं लिस्ट में पांच प्रत्याशियों के नाम
बीजेपी की ओर से जारी की गई लिस्ट की बात करें तो इस लिस्ट में पांच प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। लिस्ट के अनुसार, भाजपा ने कृष्णानगर उत्तर विधानसभा सीट से तारकनाथ चटर्जी, कल्याणी विधानसभा सीट से अनुपम बिस्वास, दमदम उत्तर विधानसभा सीट से सौरभ सिकदर, मध्यमग्राम विधानसभा सीट से अनिंद्या राजू बनर्जी और उलुबेरिया पुरबा विधानसभा सीट से रुद्रप्रसाद बनर्जी को मैदान में उतारा है। इसके अलावा, पार्टी ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों में बदलाव भी किया है। कौशिक सिद्धार्थ अब बसीरहाट उत्तर विधानसभा सीट से, अभिजीत सरदार बिष्णुपुर विधानसभा सीट से और शंकर सिकदर बेहाला पुरबा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
दो चरणों में होगा मतदान
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 7 मई 2026 को सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। ऐसे में चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदान कराने का ऐलान कर दिया है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से जुड़ी तारीखों की घोषणा भी कर दी गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक यहां दो चरणों में चुनाव कराए जाने का ऐलान किया है। पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को होगा। वहीं चुनाव के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार पश्चिम बंगाल में करीब 7.04 करोड़ वोटर्स हैं, जो अपने मत का प्रयोग करेंगे। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीट हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
यह भी पढ़ें-
'इस बार माहौल बदल गया है', PM मोदी ने तिरुवल्ला से LDF और UDF पर साधा निशाना; बोले- 'विदाई तय है'