कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में दो गुटों के बीच झड़प का मामला सामने आ रहा है। दो गुटों में हुई मारपीट की इस घटना में बीजेपी का एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि बीजेपी की तरफ से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। वहीं कार्यक्रम खत्म होते ही दूसरे गुट ने उनपर हमला कर दिया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता को गंभीर चोट लगी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों गुटों को वहां से खदेड़ कर अलग किया। फिलहाल पुलिस के पहुंचने के बाद से स्थिति सामान्य बनी हुई है। घायल बीजेपी कार्यकर्ता को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कमारहाटी के अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।
दो गुटों के बीच हुई झड़प
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात टीटागढ़ पुलिस थाने के पास 'ममता मेडिकल हॉल' के पास हुई। इससे पहले वहां स्थानीय बीजेपी मंडल की ओर से 'बिजोया सम्मिलनी' कार्यक्रम आयोजित किया गया था। एक गुट का आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के तुरंत बाद दूसरे गुट ने उनके सदस्यों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस ने दोनों गुटों को खदेड़ा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को झगड़ रहे गुटों को वहां से खदेड़ना पड़ा। दोनों गुटों को वहां से हटा दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। घायल बीजेपी कार्यकर्ता की पहचान करण सेठ के रूप में हुई है। बीजेपी सूत्रों के अनुसार, उसे पहले बैरकपुर के बी.एन. बोस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर बाद में उसे कमारहाटी के सागर दत्ता अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।
प्रयागराज में भी हंगामा
यूपी के प्रयागराज से ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां यमुनानगर जोन के नैनी में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन के दौरान जमकर बवाल देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक यह कार्यक्रम बीजेपी की तरफ से आयोजित कराया गया था। हालांकि मैराथन में रजिस्ट्रेशन के बाद बिना नियम और झंडी दिखाए दौड़ शुरू करने पर प्रतिभागी भड़क गए। इस दौरान जमकर कुर्सियां फेंकी गईं। हालांकि पुलिस की टीम ने नारेबाजी कर रहे लोगों को खदेड़ा, जिसके बाद हालात सामान्य हो गए। (इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
शिमला में दर्दनाक हादसा, खाई में वाहन गिरने से 5 लोगों की मौत, एक घायल