1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सनत डे गिरफ्तार, 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा का आरोप था

तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सनत डे गिरफ्तार, 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा का आरोप था

तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सनत डे को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा में शामिल होने का आरोप है।

Sanat Dey- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सनत डे गिरफ्तार

उत्तर 24 परगना: पश्चिम बंगाल से एक बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सनत डे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनकी तलाश की और उन्हें उत्तर 24 परगना जिले के दत्तापुकुर इलाके में एक घर से गिरफ्तार कर लिया। 

क्यों हुई गिरफ्तारी?

तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक पर 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा का आरोप था। उनकी गिरफ्तारी के बाद, बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक नैहाटी पुलिस स्टेशन पहुंचे और जब उन्हें गाड़ी में ले जाया गया तो चोर-चोर के नारे लगाए गए।

बता दें कि सनत डे टीएमसी के ऐसे नेता हैं, जिन पर जबरन वसूली और अवैध रूप से जमीन हड़पने के भी आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में वह तमाम बार सुर्खियों में भी रहे और उन पर 2021 के चुनावों के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामले भी रहे हैं।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में हार गए थे सनत 

सनत डे हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में हार गए थे। उन्हें बीजेपी उम्मीदवार सुमित्रो चटर्जी ने 10 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।

सनत साल 2024 में हुए उपचुनाव में नैहाटी के विधायक बने थे। दरअसल जब राज्य के पूर्व मंत्री पार्थ भौमिक बैरकपुर से लोकसभा चले गए थे तो नैहाटी सीट खाली हो गई थी। इसी सीट पर उपचुनाव में सनत को जीत हासिल हुई थी। 

बंगाल में जब तृणमूल कांग्रेस की सरकार को सत्ता से हाथ धोना पड़ा और बीजेपी सत्ता में आई तो लोगों का गुस्सा भी टीएमसी के उन जनप्रतिनिधियों पर फूटा, जिन पर आपराधिक मामले दर्ज थे। जनता ने टीएमसी के कई नेताओं को सरेआम बेइज्जत किया और उन पर अंडे फेंके, सनत भी उन्हीं नेताओं में से एक थे, जिन्हें जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा था।

सनत पर भी फेंके गए थे अंडे

राज्य में टीएमसी की सरकार जाने के बाद सनत पर भी अंडे फेंके गए थे। लोगों का आरोप था कि सनत ने डर के जरिए इलाके में अपनी तानाशाही चलाई। उन पर ये भी आरोप था कि उन्होंने इलाके के लोगों में डर बनाकर रखा, जिससे लोग उन्हें वोट दें।

हाल ही में सनत के घर की ली गई थी तलाशी

सनत के घर पर कुछ समय पहले सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। हालांकि उस वक्त वह मौके पर मौजूद नहीं थे। वह एजेंसियों के निशाने पर थे और एजेंसियां उन्हें तलाश कर रही थीं। इसी बीच शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

इससे पहले ये खबर भी सामने आई थी कि पश्चिम बंगाल के भांगर में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता के घर से 79 देसी बम बरामद हुए हैं।

ये भी पढ़ें-

 पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस के काउंसलर संजय दास का लटकता हुआ शव बरामद, पूर्व MLA अदिति मुंशी के पति थे