भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिम बंगाल के मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के उत्तर और दक्षिण हिस्से में दो बिल्कुल अलग-अलग मौसमी स्थितियां देखने को मिल रही हैं। जहां उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहीं दक्षिण बंगाल के लोग मानसून की एंट्री के बाद भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, उप-हिमालयी जिलों में रहने वाले लोगों को अगले एक सप्ताह तक सतर्क रहने की जरूरत है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में 25 जून तक भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
मानसून के बाद भी उमस
दूसरी तरफ, दक्षिण बंगाल में मानसून ने औपचारिक रूप से दस्तक तो दे दी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक पर्याप्त बारिश दर्ज नहीं की गई है। IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दक्षिणी जिलों में मौसम बेहद गर्म और उमस भरा बना रहेगा। हालांकि, कुछ जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना भी जताई गई है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है।
कोलकाता का मौसम
वहीं, राजधानी कोलकाता की बात करें तो मौसम कार्यालय ने गुरुवार को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। साथ ही, शाम के समय कुछ इलाकों में बौछारें पड़ने की उम्मीद है, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
वहीं, बिहार में मानसून के प्रवेश के बावजूद मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ जहां कम बारिश (अब तक 32% कम) के कारण राज्य के कई हिस्सों में लोग भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने कल यानी 19 जून के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 जून को उत्तर, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण बिहार के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, कल राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट से लेकर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। इस मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर बांका, कटिहार, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, जमुई, खगड़िया, मधेपुरा, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, नवादा और पश्चिम चंपारण जैसे जिलों में देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें-
मानसून की रफ्तार में ब्रेक पर आज से शुरू हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, 3 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
'पार्टी के अंदर बड़ी दिक्कतें, TMC के बैंक अकाउंट को किया जाए फ्रीज़,' पत्र लिखकर बैंक से खास अपील